Connect with us

क्राइम

इशिता को बुलाकर लाओ…अंकिता हत्याकांड में एक और नया खुलासा

इशिता को बुलाकर लाओ…अंकिता हत्याकांड में एक और नया खुलासा
सीएन, ऋषिकेश।
अंकिता हत्याकांड को लेकर एसआईटी ने फिर से रिजॉर्ट में जाकर पड़ताल की। यहां से वारदात में इस्तेमाल किया गया स्कूटर और मोटरसाइकिल को भी कब्जे में लिया गया। एडीजी कानून व्यवस्था वी मुरुगशन भी रिजॉर्ट में पहुंचे थे। फोरेंसिक टीम ने भी वहां से कुछ नमूनों को इकट्ठा किया। इसके अलावा एसआईटी ने रिजॉर्ट से काम छोड़कर जा चुके कर्मचारियों और अंकिता के दोस्त पुष्प को भी बयानों के लिए बुलाया है। इनमें पांच महिलाएं बताई जा रही हैं। वहीं, दूसरी ओर, पुलकित के रिजॉर्ट में क्या-क्या होता था, वह सब एक-एक कर सामने आ रहा है। अब यहां काम कर चुके कर्मचारी दंपती ने भी इस रिजॉर्ट के कई राज खोले हैं। बताया है कि उन्होंने काम इसीलिए छोड़ा था कि रिजॉर्ट में बहुत गंदे काम होते थे। रिजॉर्ट में जिस्मफरोशी से लेकर चरस, गांजे और शराब की पार्टियां होती थीं। हर तरह का नशा वहां पर मिलता था। बड़े-बड़े शहरों के लोग यहां आकर पार्टियां करते थे, जिन्हें शराब के साथ-साथ शबाब भी परोसा जाता था। एसआईटी प्रभारी का कहना है कि मेरठ में रहने वाले इस दंपती के भी बयान दर्ज किए जाएंगे। हत्याकांड के खुलासे के चार दिन बाद रिजॉर्ट में काम करने वाले मेरठ निवासी विवेक भारद्वाज और उनकी पत्नी इशिता भी मीडिया के सामने आए हैं। उन्होंने बताया कि वह करीब छह महीने पहले इस रिजॉर्ट में नौकरी करने गए थे। इशिता को वहां पर फ्रंट ऑफिस में मैनेजर का पद दिया गया था। जबकि, विवेक भारद्वाज को रूम सर्विस मैनेजर बनाया गया था। पति-पत्नी ने बताया कि वहां पर हो रहे कामों से वह बहुत परेशान हो गए थे। आए दिन नशे की पार्टियां होती थीं। लड़कियां लाई जाती थीं। इनकी कोई एंट्री ऑफिस में नहीं की जाती थी। बाहर से आने वाले लोग वहां पर अजीब तरह की मांग करते थे। यह पूरा माहौल देखकर उन्होंने नौकरी छोड़ने का मन बना लिया। पूरा एक महीना काम करने के बाद वह वापस अपने घर चले गए। इसके बाद पुलकित, अंकित और सौरभ तीनों का बारी-बारी से उन्हें बुलाने के लिए फोन आया। कहने लगे कि सब काम बंद कर दिया जाएगा। नौकरी पर वापस आ जाओ। उनकी बातों पर विश्वास कर वह फिर से वापस आ गए। लेकिन, यह सब काम बदस्तूर चलता रहा। दंपती का कहना है कि उन्होंने विरोध किया और अपनी सैलरी मांगी। मगर, तीनों ने उन पर रिजॉर्ट से स्पीकर चोरी का इल्जाम लगा दिया। दंपती का आरोप है कि उन्होंने पुलिस को इसकी शिकायत की। पुलिस ने कहा कि राजस्व क्षेत्र है। राजस्व क्षेत्र के पटवारी को फोन किया तो वह उन्हें ही धमकाने लगा। आरोप है कि एक दिन पटवारी रिजॉर्ट में आया और दोनों पर ही आरोप लगाने लगा। इसके बाद एक दिन दंपती मौका पाकर वहां से निकल आए। एसआईटी प्रभारी डीआईजी पी रेणुका देवी ने बताया कि सारे साक्ष्य एक-एक कर इकट्ठा किए जा रहे हैं। कुछ कर्मचारियों के बारे में भी पता चला है, जिन्होंने रिजॉर्ट के बारे में तमाम बातें बताई हैं। मेरठ निवासी इस दपंती के बयान भी जल्द दर्ज किए जाएंगे। इशिता का कहना है कि पुलकित वहां पर आने वाली हर लड़की पर बुरी नजर रखता था। उसने कभी उससे कोई गंदा काम करने के लिए कहा तो नहीं, लेकिन शायद उसके मन में यह बात जरूर थी। एक दिन उसने कर्मचारी को कहा कि इशिता को बुलाकर लाओ। लेकिन, उसका पति नहीं होना चाहिए। इस पर कर्मचारी ने ही खुद कह दिया कि इशिता की ड्यूटी का समय खत्म हो गया है। इशिता का तो यहां तक कहना है कि अंकित गुप्ता वहां पर अकसर लड़कियां लाता था। वह इशिता पर भी बुरी नजर रखता था। इस बात के कई बार उसने इशारे किए। इशिता और विवेक भारद्वाज बताते हैं कि पुलकित और उसके दोस्तों की अलग ही दुनिया थी। रिजॉर्ट पर जैसे वह तानाशाह की तरह काम करते थे। यहां आने वाले मेहमानों के सामान गायब होते थे तो कर्मचारियों पर इल्जाम लगाया जाता था। इसके बाद कर्मचारियों को सजा दी जाती थी। सजा देने के लिए उन्होंने एक कमरे को जेल बनाया था। इस कमरे में कर्मचारी को बंद कर दिया जाता और उसे यातनाएं तक दी जाती थीं। चोरी का इल्जाम लगाने के बाद उन्हें भी इस कमरे में बंद करने को कहा गया था। मगर, वह किसी तरह वहां से भाग निकले।

Continue Reading
You may also like...

More in क्राइम

Trending News

Follow Facebook Page

About

आज के दौर में प्रौद्योगिकी का समाज और राष्ट्र के हित सदुपयोग सुनिश्चित करना भी चुनौती बन रहा है। ‘फेक न्यूज’ को हथियार बनाकर विरोधियों की इज्ज़त, सामाजिक प्रतिष्ठा को धूमिल करने के प्रयास भी हो रहे हैं। कंटेंट और फोटो-वीडियो को दुराग्रह से एडिट कर बल्क में प्रसारित कर दिए जाते हैं। हैकर्स बैंक एकाउंट और सोशल एकाउंट में सेंध लगा रहे हैं। चंद्रेक न्यूज़ इस संकल्प के साथ सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर दो वर्ष पूर्व उतरा है कि बिना किसी दुराग्रह के लोगों तक सटीक जानकारी और समाचार आदि संप्रेषित किए जाएं।समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी को समझते हुए हम उद्देश्य की ओर आगे बढ़ सकें, इसके लिए आपका प्रोत्साहन हमें और शक्ति प्रदान करेगा।

संपादक

Chandrek Bisht (Editor - Chandrek News)

संपादक: चन्द्रेक बिष्ट
बिष्ट कालोनी भूमियाधार, नैनीताल
फोन: +91 98378 06750
फोन: +91 97600 84374
ईमेल: [email protected]

BREAKING