Connect with us

धर्मक्षेत्र

मां पाषण देवी मंदिर में बुधवार (21 जनवरी) को विशाल भंडारे का आयोजन, विभिन्न अनुष्ठान जारी

सीएन, नैनीताल। उत्तराखंड की सरोवर नगरी नैनीताल में माँ पाषण देवी मंदिर में जन्मोत्सव बड़े ही श्रद्धा और धूमधाम के साथ मनाया जा रहा है। आज बुधवार (21 जनवरी) को यहां विशाल भंडारे का आयोजन किया गया है। इस अवसर पर मंदिर परिसर को विद्युत लड़ियों से भव्य रूप से सजाया गया है और भक्तिमय माहौल बना हुआ है। जन्मोत्सव को लेकर मंदिर समिति और श्रद्धालुओं द्वारा व्यापक तैयारियां की गई हैं।  मंदिर के मुख्य पुजारी जगदीश भट्ट ने बताया कि माँ पाषण देवी मैया के जन्मोत्सव के अवसर पर सुबह से ही विशेष धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के तहत अखंड रामायण पाठ का शुभारंभ किया गया है, जिसका 21 जनवरी को विधिवत पारायण किया जाएगा। इसके बाद दोपहर में यज्ञ, पूजा-अर्चना एवं कन्या देवी को भोग अर्पित किया जाएगा। मुख्य पुजारी जगदीश भट्ट ने बताया कि समस्त धार्मिक अनुष्ठानों के उपरांत 21 जनवरी को विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्रवासियों एवं माँ के भक्तों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर भंडारे का प्रसाद ग्रहण करने की अपील की है। गौरतलब है कि माँ पाषण देवी मंदिर पत्थरों को काटकर निर्मित एक प्राचीन और आस्था का प्रमुख केंद्र है।  इस मंदिर से उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री बी.सी. खंडूरी और उनके परिवार का विशेष लगाव रहा है। जब भी खंडूरी परिवार नैनीताल आता है, माँ पाषण देवी के दर्शन अवश्य करता है। कुछ समय पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूरी भी अपने परिवार के साथ यहाँ दर्शन के लिए पहुँची थीं। यह भी उल्लेखनीय है कि 21 जनवरी को बाबा नीम करौली महाराज का स्थापना दिवस भी है। इसी दिन बाबा नीम करौली महाराज की मूर्ति की स्थापना की गई थी। इस अवसर पर मालपुआ का प्रसाद भी वितरित किया जाएगा। जन्मोत्सव को लेकर माँ के भक्तों में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। 

More in धर्मक्षेत्र

Trending News

Follow Facebook Page

About

आज के दौर में प्रौद्योगिकी का समाज और राष्ट्र के हित सदुपयोग सुनिश्चित करना भी चुनौती बन रहा है। ‘फेक न्यूज’ को हथियार बनाकर विरोधियों की इज्ज़त, सामाजिक प्रतिष्ठा को धूमिल करने के प्रयास भी हो रहे हैं। कंटेंट और फोटो-वीडियो को दुराग्रह से एडिट कर बल्क में प्रसारित कर दिए जाते हैं। हैकर्स बैंक एकाउंट और सोशल एकाउंट में सेंध लगा रहे हैं। चंद्रेक न्यूज़ इस संकल्प के साथ सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर दो वर्ष पूर्व उतरा है कि बिना किसी दुराग्रह के लोगों तक सटीक जानकारी और समाचार आदि संप्रेषित किए जाएं।समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी को समझते हुए हम उद्देश्य की ओर आगे बढ़ सकें, इसके लिए आपका प्रोत्साहन हमें और शक्ति प्रदान करेगा।

संपादक

Chandrek Bisht (Editor - Chandrek News)

संपादक: चन्द्रेक बिष्ट
बिष्ट कालोनी भूमियाधार, नैनीताल
फोन: +91 98378 06750
फोन: +91 97600 84374
ईमेल: [email protected]

BREAKING