Connect with us

धर्मक्षेत्र

आज है पद्मिनी एकादशी, बन रहे 2 शुभ योग, जानें मुहूर्त, पारण समय और कथा

आज है पद्मिनी एकादशी, बन रहे 2 शुभ योग, जानें मुहूर्त, पारण समय और कथा
सीएन, हरिद्वार।
अधिक मास के शुक्ल पक्ष की एकादशी को पद्मिनी एकादशी का व्रत रखा जाता है। पद्मिनी एकादशी को कमला एकादशी भी कहते हैं। इस दिन व्रत रखकर भगवान विष्णु की विधि विधान से पूजा करते हैं। इस व्रत को करने से यश बढ़ता है और मृत्यु के बाद वैकुंठ की प्राप्ति होती है। जो लोग पुत्र प्राप्ति की मनोकामना से पद्मिनी एकादशी का व्रत करते हैं, उनको पुत्र की प्राप्ति होती है। पद्मिनी एकादशी की कथा में बताया गया है कि राजा कृतवीर्य की रानि पद्मिनी ने इस व्रत को विधि विधान से किया तो उनको पुत्र की प्राप्ति हुई। जो पद्मिनी एकादशी व्रत कथा को सुनता है, उसकी कीर्ति बढ़ती है। कैलेंडर के अनुसार, श्रावण अधिक मास के शुक्ल पक्ष की एकादशी तिथि 28 जुलाई शुक्रवार को दोपहर 02 बजकर 51 मिनट पर शुरू हो रही है और इसकी समाप्ति 29 जुलाई शनिवार को दोपहर 01 बजकर 05 मिनट पर होगी। ऐसे में पद्मिनी एकादशी का व्रत 29 जुलाई शनिवार को रखा जाएगा ई को पद्मिनी एकादशी के दिन विष्णु पूजा का मुहूर्त सुबह 07 बजकर 22 मिनट से सुबह 09 बजकर 04 मिनट तक है। यह शुभ उत्तम मुहूर्त है। इसके अलावा दोपहर में पद्मिनी एकादशी व्रत पूजा का शुभ समय 12 बजकर 27 मिनट से शाम 05 बजकर 33 मिनट तक है इस साल पद्मिनी एकादशी पर दो शुभ योग बने हैं। उस दिन ब्रह्म योग प्रात:काल से लेकर सुबह 09 बजकर 34 मिनट तक है। उसके बाद से इंद्र योग प्रारंभ हो जाएगा। ये दोनों ही योग शुभ हैं।  वहीं ज्येष्ठा नक्षत्र सुबह से लेकर रात 11 बजकर 35 मिनट तक है, उसके बाद से मूल नक्षत्र है। 29 जुलाई को पद्मिनी एकादशी के दिन सुबह 05 बजकर 41 मिनट से भद्रा का प्रारंभ हो रहा है। यह भद्रा दोपहर 01 बजकर 05 मिनट तक है। हालांकि यह स्वर्ग की भद्रा है। जो लोग 29 जुलाई को पद्मिनी एकादशी का व्रत रखेंगे, वे व्रत का पारण अगले दिन 30 जुलाई रविवार को करेंगे। 30 जुलाई को पद्मिनी एकादशी व्रत के पारण का समय सुबह 05 बजकर 41 मिनट से लेकर सुबह 08 बजकर 24 मिनट तक है। इस दिन द्वादशी तिथि का समापन सुबह 10 बजकर 34 मिनट पर होगा।
पद्मिनी एकादशी व्रत का महत्व
सभी एकादशी व्रतों के समान ही पद्मिनी एकादशी पर भी भगवान विष्णु की पूजा करते हैं, लेकिन यह एकादशी हर 3 साल पर तब आती है, जब अधिक मास लगता है। पद्मिनी एकादशी व्रत करने से संतान, यश और वैकुंठ की प्राप्ति होती है।
पद्मिनी एकादशी की व्रत कथा
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार अधिकमास में आने वाली पद्मिनी एकादशी व्रत पर जो भी जातक इस कथा को पढ़ते हैं, या सुनते हैं, उन्हें अनेक पुण्यफलों की प्राप्ति होती है। तो चलिए आज हम आपको पद्मिनी एकादशी व्रत की पावन कथा को सुनाते हैं। बात है महाभारत काल की। एक समय श्री कृष्ण जी धर्मराज युधिष्ठिर को साल भर में आने वाली सभी एकादशियों का महात्म्य सुना रहे थे। युधिष्ठिर कहने लगे, कि हे मुरारी! आपने सभी एकादशियों का विस्तारपूर्वक वर्णन किया, लेकिन अभी भी मैं अधिकमास में पड़ने वाली एकादशी के बारे में जानने के लिए उत्सुक हूं, कृपया इस एकादशी का महात्म्य भी सुनाएं, और मेरी जिज्ञासा शांत करें।ये सुनकर श्री कृष्ण बोले, हे धर्मराज! पुरुषोत्तम मास के शुक्ल पक्ष में आने वाली एकादशी को पद्मिनी एकादशी या कमला एकादशी कहा गया है और जो एकादशी अधिकमास के कृष्ण पक्ष में आती है, उसे परमा एकादशी के नाम से जाना जाता है। फिर युधिष्ठिर कहने लगे, कि हे कृष्ण! ये एकादशी व्रत करने से कौन से फल मिलते हैं? तब कान्हा जी बोले- हे राजन्! सभी एकादशियों की तरह ही पद्मिनी एकादशी के लाभ भी चमत्कारी होते हैं। ये व्रत करने व पद्मिनी एकादशी की कथा सुनने से मनुष्य को दुर्लभ पुण्यफल भी आसानी से प्राप्त होते हैं, साधक को जीवन में यश, कीर्ति व धन संपदा मिलती है, और अन्तकाल में वो श्री विष्णु के निज धाम बैकुंठ को जाता है। अतः हे युधिष्ठिर! अब मैं आपको पद्मिनी एकादशी की पावन कथा सुनाता हूं-त्रेयायुग में एक नगरी थी महिष्मती पुरी, जिसमें हैहय राजा के वंश में कृतवीर्य नाम का राजा राज्य किया करता था। कृतवीर्य की एक हज़ार रानियां थीं, लेकिन राजा को किसी भी रानी से संतान न हुई। अब राजा बड़ी दुविधा में रहने लगे कि आख़िर उनका वंश आगे कैसे बढ़ेगा, उनके इस राज-पाट का उत्तराधिकारी कौन होगा? राजा ने संतान प्राप्ति के लिए कई जतन किए, लेकिन सब व्यर्थ रहा। जब और कोई उपाय न रहा, तब राजा ने तपस्या करने का निश्चय किया। कृतवीर्य के साथ उनकी परम प्रिय रानी ने भी वन जाने का निश्चय किया। रानी का नाम पद्मिनी था, जो इक्ष्वाकु वंश के राजा हरिश्चंद्र की पुत्री थीं। राजा ने कुछ समय के लिए अपना राज पाट मंत्री को सौप दिया, और पति-पत्नी वेष बदल कर तप करने के लिए गंधमादन पर्वत पर चले गए। राजा ने दस हज़ार वर्ष तक कठिन तपस्या की, लेकिन फिर भी पुत्र प्राप्ति नहीं हुई। तब एक और तपस्विनी अनुसूया ने राजा की पत्नी पद्मिनी से कहा- हे रानी! हर तीन साल में एक बार अधिकमास होता है, जो धर्म-कर्म व किसी मनोकामना की पूर्ति के लिए सबसे उत्तम माना जाता है। इस मास के शुक्ल पक्ष में आने वाली एकादशी पर यदि तुम विधि-विधान से भगवान विष्णु की पूजा करो और उपवास रखो, तो भगवान की कृपा से शीघ्र ही तुम्हें पुत्र प्राप्त होगा। रानी पद्मिनी ने विधि-विधान से इस एकादशी व्रत का पालन किया। अनुसूया के कहे अनुसार रानी एकादशी को निराहार रहीं, और रात्रि जागरण कर हरिनाम का भजन-कीर्तन किया। रानी पद्मिनी के श्रद्धापूर्वक किए गए इस व्रत से भगवान विष्णु बहुत प्रसन्न हुए, और उन्हें पुत्रवती होने का वरदान दिया। इस प्रकार नौ मास बाद रानी ने कार्तवीर्य नाम के एक पुत्र को जन्म दिया, जो आगे चलकर बहुत बलवान राजा हुए। तभी से इस एकादशी को पद्मिनी एकादशी कहा जाने लगा।

More in धर्मक्षेत्र

Trending News

Follow Facebook Page

About

आज के दौर में प्रौद्योगिकी का समाज और राष्ट्र के हित सदुपयोग सुनिश्चित करना भी चुनौती बन रहा है। ‘फेक न्यूज’ को हथियार बनाकर विरोधियों की इज्ज़त, सामाजिक प्रतिष्ठा को धूमिल करने के प्रयास भी हो रहे हैं। कंटेंट और फोटो-वीडियो को दुराग्रह से एडिट कर बल्क में प्रसारित कर दिए जाते हैं। हैकर्स बैंक एकाउंट और सोशल एकाउंट में सेंध लगा रहे हैं। चंद्रेक न्यूज़ इस संकल्प के साथ सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर दो वर्ष पूर्व उतरा है कि बिना किसी दुराग्रह के लोगों तक सटीक जानकारी और समाचार आदि संप्रेषित किए जाएं।समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी को समझते हुए हम उद्देश्य की ओर आगे बढ़ सकें, इसके लिए आपका प्रोत्साहन हमें और शक्ति प्रदान करेगा।

संपादक

Chandrek Bisht (Editor - Chandrek News)

संपादक: चन्द्रेक बिष्ट
बिष्ट कालोनी भूमियाधार, नैनीताल
फोन: +91 98378 06750
फोन: +91 97600 84374
ईमेल: [email protected]

BREAKING