Connect with us

बागेश्वर

कुन्ती नाले का मंडलायुक्त ने किया स्थलीय निरीक्षण, जलभराव व मलबा समस्या के स्थायी समाधान की तैयारी

सीएन, बागेश्वर। कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने बुधवार को कुन्ती नाले का स्थलीय निरीक्षण कर वर्षा ऋतु के दौरान उत्पन्न होने वाली जलभराव एवं मलबा आने की समस्या का विस्तृत जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी आकांक्षा कोंड़े भी उपस्थित रहीं। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों से वर्तमान स्थिति की जानकारी ली तथा स्थानीय नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। स्थानीय निवासियों ने अवगत कराया कि बरसात में तेज बहाव के कारण नाले से भारी मात्रा में मलबा एवं पत्थर बहकर आवासीय क्षेत्रों में पहुंच जाते हैं, जिससे घरों को क्षति एवं आर्थिक नुकसान होता है। मंडलायुक्त ने लोक निर्माण विभाग एवं सिंचाई विभाग को निर्देशित किया कि समन्वय स्थापित कर समस्या के स्थायी समाधान हेतु ठोस कार्ययोजना तैयार की जाए और उसका शीघ्र क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने बताया कि सड़क से लगभग 900 मीटर दूरी तक सरयू नदी तक अंडर-सड़क नाले के निर्माण का प्रस्ताव राज्य आपदा न्यूनीकरण निधि के अंतर्गत शासन को प्रेषित किया जा चुका है। इस परियोजना के माध्यम से बरसाती जल को व्यवस्थित रूप से सरयू नदी तक पहुंचाया जाएगा, जिससे आबादी वाले क्षेत्रों में मलबा आने की समस्या का दीर्घकालिक समाधान संभव हो सकेगा। मंडलायुक्त ने कहा कि प्रस्ताव की शीघ्र स्वीकृति के लिए शासन स्तर पर आवश्यक संवाद किया जाएगा, ताकि आगामी मानसून से पूर्व कार्य प्रारंभ कराया जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इस प्रकार की समस्याओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी आर.सी. तिवारी, अपर जिलाधिकारी एन.एस. नबियाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

More in बागेश्वर

Trending News

Follow Facebook Page

About

आज के दौर में प्रौद्योगिकी का समाज और राष्ट्र के हित सदुपयोग सुनिश्चित करना भी चुनौती बन रहा है। ‘फेक न्यूज’ को हथियार बनाकर विरोधियों की इज्ज़त, सामाजिक प्रतिष्ठा को धूमिल करने के प्रयास भी हो रहे हैं। कंटेंट और फोटो-वीडियो को दुराग्रह से एडिट कर बल्क में प्रसारित कर दिए जाते हैं। हैकर्स बैंक एकाउंट और सोशल एकाउंट में सेंध लगा रहे हैं। चंद्रेक न्यूज़ इस संकल्प के साथ सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर दो वर्ष पूर्व उतरा है कि बिना किसी दुराग्रह के लोगों तक सटीक जानकारी और समाचार आदि संप्रेषित किए जाएं।समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी को समझते हुए हम उद्देश्य की ओर आगे बढ़ सकें, इसके लिए आपका प्रोत्साहन हमें और शक्ति प्रदान करेगा।

संपादक

Chandrek Bisht (Editor - Chandrek News)

संपादक: चन्द्रेक बिष्ट
बिष्ट कालोनी भूमियाधार, नैनीताल
फोन: +91 98378 06750
फोन: +91 97600 84374
ईमेल: [email protected]

BREAKING