Connect with us

धर्मक्षेत्र

कुमाऊं के गोपीवन में गुजेंगे 15 फरवरी से महाशिव के गीत


सीएन, बागेश्वर। उत्तराखण्ड की धरती में जनपद बागेश्वर के गोपीवन क्षेत्र में स्थित गोपीश्वर महादेव मंदिर में आगामी 15 फरवरी से श्री शिव महापुराण कथा का आयोजन होने जा रहा है। कथा को लेकर समूचे क्षेत्र में जबरदस्त आध्यात्मिक उत्साह का वातावरण बना हुआ है। कथा का विराम दिवस 25 फरवरी को है। इस दौरान श्री शिव महापुराण कथा के साथ-साथ मंदिर प्रांगण में भजन कीर्तन, हवन यज्ञ सहित तमाम कार्यक्रम आयोजित होंगे तथा विशाल भंडारे का भी आयोजन होगा। यहांं बताते चले कि पुराणों के अनुसार गोपीश्वर महादेव की महिमां पृथ्वी लोक में स्थित सभी शिवालयों में अग्रणीय है और इसके दर्शन का महत्व 21 बार पृथ्वी की परिक्रमा के फल के बराबर माना जाता है। आइये पढ़ते हैं महादेव के इस पावन स्थल की रोचक व आध्यात्मिक कहानी।

माँ भद्रकाली के प्रसंग में गोपियों के ईश्वर गोपीश्वर

देवभूमि उत्तराखण्ड़ प्राकृतिक सौदर्य की दृष्टि से भारत का ही नही अपितु विश्व का एक महत्वपूर्ण क्षेत्र है। यहां के पर्यटक एंव तीर्थ स्थलों का भ्रमण करते हुए जो आध्यात्मिक अनूभूति होती है वह अपने आप में अद्भुत है। पर्यटन की दृष्टि से ही नहीं बल्कि तीर्थाटन की दृष्टि से भी यह पावन भूमि महत्व पूर्ण है। इसी कारण यहां का भ्रमण अन्य क्षेत्रों की अपेक्षा श्रेष्ठ एंव संतोष प्रदान करने वाला है। पर्यटन एंव तीर्थाटन के विकास के लिए सरकार समुचित सहायता व प्रोत्साहन कब देगी यह तो समय ही बतलाऐगा, किन्तु इतना जरूर है गुमनामी के साये में बदहाल तीर्थ स्थल यदि प्रकाश में लाएं जाएं तो ये तमाम तीर्थ विराट महत्व को प्रकट कर आस्था व भक्ति का अलौकिक संगम बनकर उभर सकते है। ऐसे ही पावन तीर्थों में अद्भूत माहिमां वाला क्षेत्र है।गोपीश्वर महादेव मंदिर माँ भद्रकाली के साथ इस मंदिर की गाथा रेखांकित होती है। जनपद बागेश्वर के काड़ां क्षेत्रान्तर्गत गोपीश्वर महादेव का मंंदिर पौराणिक काल से परम पूज्यनीय है, स्थानीय जनमानस में इस मंदिर के प्रति अगाध श्रद्वा है। स्कंदपुराण में गोपीश्वर महादेव की महिमां का अद्भूत वर्णन करते हुए कहा गया है।गोपेश्वर के स्मरण व दर्शन से समस्त पापों का हरण हो जाता है।
पातका विप्रलीयन्ते गोपीश।दर्शनात् किमु भो विप्रा : पूजनात् कथयाम्यहम् (59) केदारखण्ड़ अध्याय 80)
पुराणों के अनुसार गोपीश्वर नामक इस स्थान पर गोपियों ने भगवान शंकर की आराधना करके उत्तम गति प्राप्त की। गोपियों के द्वारा इस स्थान पर शिवजी की तपस्या किये जाने से ही इस स्थान का नाम गोपीश्वर पड़ा। इस स्थल की महिमा इतनी विराट है कि उसे शब्दों में नहीं समेटा जा सकता है। इस क्षेत्र से होकर बहने वाली पवित्र नदी भद्रा की महिमा व भद्रकाली की गाथा गोपेश्वर की गरिमा को दर्शाती है। पुराणों में कहा गया है भद्रा में स्नानकर माँ भद्रकाली के दर्शन करके उसके बायीं ओर गोपेश्वर का पूजन करने से मोक्ष प्राप्त होता है। इसके पादतल से होकर बहने वाली सरस्वती नदी भद्रा में मिलती है। यस्य वामे महादेवो गोपीश:पूज्यते द्विजाः ।निमज्य मुनिशादूर्ला भद्रातोये प्रयन्नतः। पूज्य गोपेश्वरं देवं प्रयाति परमं पदम्।
महार्षि भगवान वेद व्यास जी ने गोपीश्वर की महिमा का बखान करते हुए कहा कि इस स्थान पर भगवान शंकर की पूजा करने से पृत मातामहादि पूर्वजों द्वारा किये गये पाप भी प्रभावहीन होकर क्षय को प्राप्त होते है। शिवजी की आराधना के लिए भूमण्डल में यह भूभाग सर्वोत्तम तथा शिवलोक की प्राप्ति कराने वाला कहा गया है। हिमालय की गोद में बसे उत्तराखण्ड़ के पवित्र आचल जनपद बागेश्वर की भूमि में स्थित गोपेश्वर कभी गोपीवन के नाम से प्रसिद्व रहा हैं। सौदर्य से परिपूर्ण घाटी नागगिरी पर्वत के समीप गोपीश्वर महादेव में शिव जागृत रुप में विराजमान बताये जाते है। कहा जाता है कि जो प्राणी भगवान गापीश्वर के इस दरवार में अपने भावनाओं के श्रद्वापुष्प भक्ति के साथ भोलेनाथ जी के चरणों में अर्पित करता है।वह समस्त भयों से रहित होकर जीवन का आनन्द व मोक्ष प्राप्त करता है। इस दुर्लभ स्थान की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि वर्णशंकर दोष का यही निवारण होता है। कहा तो यहां तक गया है दुरात्मा मानवों के पाप गोपीश्वर मण्डल में पहुंचने के पूर्व तक ही विधमान रहते है। यहां पहुचनें पर पूर्वजो के पाप भी क्षय हो जाते है। गोपीश्वर का पूजन करने पर इक्कीस बार सारी पृथ्वी की परिक्रमा करने का फल मिलता है। गोपीश्वर नाथ की अपरम्पार महिमां के बारे में ऋषियों की जिज्ञासा को शान्त करते हुए स्कंद पुराण में ब्यास भगवान ने इस पावन स्थल के बारे में बताया है कि कभी यहां के पावन पर्वतों पर नाग समुदाय ने माता कामधेनु की सेवा की थी।पुराणों में इस भूभाग को नागपुर क्षेत्र कहा है।ऊँचे पर्वतों पर विराजमान नाग देवताओं के मंदिर गोपीश्वर की अद्भूत महिमा को उजागर करते है। गोपीश्वर व उसके आसपास के तमाम पर्वत नाग पर्वतों के नाम से प्रसिद्ध है। इन तमाम मंदिरो में आज भी विधिवत नागों का पूजन होता है। नाग पर्वत, नागपुर के विषय में अनेक रहस्यमयी दंत कथाएँ आज भी लोगों की जुबां पर सुनी जा सकती है।पुराणों ने भी इस विषय में शब्द की प्रमाणिकता को प्रकट करते हुए कहा है। सत्युग के आरम्भ में व्रह्मा जी ने सारी पृथ्वी को अनेक खण्ड़ों में विभक्त कर दिया था। विभक्त भूभागों में देवता, दानव, गन्धर्व, अप्सरायें, विधाधर तथा भांति भांति पशु, पक्षी आदि को रहने के लिए अनेक स्थान वितरित किये। इसी भाति ब्रह्मा जी ने नागों के लिए हिमालय के आंचल में नागपुर नामक स्थान नियत किया। ब्रह्मा के बनाये गये नियमों को सिरोधार्य मानकर नागों ने यह भूखण्ड़ प्राप्त किया।जो नागपुर के नाम से जाना जाता है। इसी नागपुर में कामधेनु ने नागों की सेवा से सतुष्ट होकर उनसे वरदान मांगनें को कहा इस पर नाग देवता बोले हमें अपने समान ही गोकुल प्रदान करके कृतार्थ कीजिए। कामधेनु से वर पाकर अंसख्य गायों को प्राप्त करके उनके चरने के लिए नागों ने गोपीवन की रचना की और उस गोचर भूमि में गायों को चराने एंव उनकी रक्षा करने के लिए नागकन्याओं को जिम्मेदारी सौपी गई। गोपीवन गोपीश्वर में गायों को चराने के साथ साथ नागकन्यायें गोपीश्वर की आराधना में तत्पर रहती थी तभी भगवान भोलेनाथ की लीला के प्रभाव से एक बार उन्हें इस पहाड़ के अग्रभाग की तलहटी पर एक अद्भूत गुफा देखी गुफा के समक्ष सरस्वती गंगा के भी दर्शन किए वहां उन्होनें शिवजी की भी पूजा की यह गुफा वर्तमान में सानिउडियार के नाम से प्रसिद्ध है। मान्यता है कि इसी गुफा में शाडिल्य ऋषि ने भगवान शंकर की तपस्या करके उन्हें संतुष्ट किया था। इस गुफा को देखकर नागकन्याओं की जिज्ञासा गुफा के रहस्य को लेकर बढ़ गयी। नागराज मूलनारायण की कन्या के साथ नाग कन्याओं ने उसमें प्रवेश की चेष्टा की लेकिन वे असफल हुई निराश नागकन्याओं ने भगवान शंकर की स्तुति करते हुए कहा यदि हमारी शिवभक्ति सच्ची है तो हम गुफा को पार कर जाएं भगवान शंकर को आगे करके वे गुफा में प्रवेश कर गई उन्हें आशा थी अवश्य ही इस गुफा में भगवान शंकर उन्हें दर्शन देकर कृतार्थ करेगें लेकिन उनकी यह आस अधूरी रह गई इतना ही नही उनकी गायें भी गुम हो गयी गायों को ढूढ़ते-ढूढते, भटकते भटकते नाग कन्यायें दूसरे वन में पंहुच गई। उस वन के गोचर भूमि में हरी भरी घास के बीच उन्होनें अपनी गायों को चरते देखा और सोचा ये गाये घास के लोभ में यहां तक पहुंच गयी। इसी बीच उन्होने गायों के समुदाय के मध्य तेजोमय भगवान शिव के अलौकिक स्वरुप को देखा। उन्होने देखा कि इस स्वरुप से चराचर जगत दीप्तिमान् हो रहा है। उन्हीं गायों के मध्य भगवान शिव के अलौकिक स्वरूप वाले ज्योतिर्मय लिंग के तेजो मण्डल से आकाश के मध्यवर्ती सूर्य की ज्योति फीकी पड़ गई है।शिवजी के इस स्वरुप के दर्शन पाकर नागकन्याये धन्य हो गई ।ये ही नागकन्यायें गोपियों के नाम से भी प्रसिद्ध थी। गोपियों ने शिव को प्रणाम कर भांति भांति प्रकार से उनका पूजन किया। गोपियों की भगवान गोपीश्वर के प्रति की गई यह स्तुति पुराण में काफी प्रसिद्ध है।
नमो हरायामितभूषणाय चितासमिदभस्मविलेपनाय।बृषध्वजाय सुवृषप्रभाय शिवाय शान्ताय नमो नमस्ते।।नमो विरूपाय कलाधराय षडर्धनेत्राय परावराय।ऋषिस्तुतायापरिसेविताय नमो नमस्ते बृषवाहनाय।
अर्थात् असंख्य भूषणभूषित, चिताभस्मलिप्तांग, वृषध्वज, मोर की कान्ति स्वरुप शान्त शिव को हम प्रणाम करते है।विरूप, कलाधर, त्रिनेत्र, चन्द्रशेखर तथा महर्षियों से संस्तुत शंकर को हम बार बार नमस्कार करते है। गोपियों (नागकन्याओं) की प्रार्थना सुनकर शिवजी ने गोपियों को प्रत्यक्ष दर्शन दिए तथा उन्हें वरदान देकर अर्न्तध्यान हो गये। शिवजी के वरदान के प्रभाव से गोपियां भी गायों के साथ शिवजी में प्रविष्ट हो गयी। इस प्रकार वे उत्तमगति को प्राप्त हुई और यह स्थान जगत में गोपीश्वर के नाम से प्रसिद्व हुआ। गोपीश्वर के स्मरण तथा दर्शन से पापों का हरण हो जाता है। जनपद बागेश्वर के कांडा नामक स्थान से लगभग चंद किलोमीटर की दूरी पर पो. सिमकौना स्थित गांव को मणगोपेश्वर के नाम से भी पुकारते है। रावल लोग इस मंदिर के पुजारी है। राज्य में पर्यटन एंव तीर्थाटन की आपार सभांवनाएं है। स्थानीय लोक कलाओं के विकास व सास्कृतिक आदान प्रदान में तीर्थाटन एंव पर्यटन का विशेष महत्व है। मानव सभ्यता के विकास में तीर्थाटन एंव पर्यटन की विशेष भूमिका होती है। तमाम स्थलों के बेहतर विकास के लिए प्रसिद्ध स्थलों साथ ही जो स्थल गुमनामी के साये में है, उन्हें भी प्रकाश में लाने के लिए सरकार को भरसक प्रयास करने चाहिए। गोपीश्वर क्षेत्रं अपनी अलौकिक सुन्दरता व धार्मिक क्षेत्र के रुप में प्राचीन काल से ही प्रसिद्ध है। इसके आसपास कई ऐतिहासिक धार्मिक व प्राकृतिक स्थल है जो पर्यटन एंव तीर्थ के रुप में अपना विशेष स्थान रखते है लेकिन गुमनामी के साये में गुम है। जिनका प्राकृतिक सौदर्य के अलावा आध्यात्मिक महत्व भी है। धर्म, दर्शन और आध्यात्म के साधकों को यहां का वातावरण सदा ही आकर्षित करता रहा है। यह भूमि ऋषि मुनियों की तपस्या स्थली है। एक से एक बढ़कर एक महाप्रतापी ग्राम देवता यहां पर्वतों पर वास करते है, जो अनेक पौराणिक कथाओं, गाथाओं को अपने आप में समेटे है।

यह भी पढ़ें 👉  आज 17 सितंबर से शुरू हो रहे हैं पितृ श्राद्ध पक्ष : 15 दिनों के लिए पितर यमकोल से धरती पर आकर करते हैं निवास

Continue Reading
You may also like...

More in धर्मक्षेत्र

Trending News

Follow Facebook Page

About

आज के दौर में प्रौद्योगिकी का समाज और राष्ट्र के हित सदुपयोग सुनिश्चित करना भी चुनौती बन रहा है। ‘फेक न्यूज’ को हथियार बनाकर विरोधियों की इज्ज़त, सामाजिक प्रतिष्ठा को धूमिल करने के प्रयास भी हो रहे हैं। कंटेंट और फोटो-वीडियो को दुराग्रह से एडिट कर बल्क में प्रसारित कर दिए जाते हैं। हैकर्स बैंक एकाउंट और सोशल एकाउंट में सेंध लगा रहे हैं। चंद्रेक न्यूज़ इस संकल्प के साथ सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर दो वर्ष पूर्व उतरा है कि बिना किसी दुराग्रह के लोगों तक सटीक जानकारी और समाचार आदि संप्रेषित किए जाएं।समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी को समझते हुए हम उद्देश्य की ओर आगे बढ़ सकें, इसके लिए आपका प्रोत्साहन हमें और शक्ति प्रदान करेगा।

संपादक

Chandrek Bisht (Editor - Chandrek News)

संपादक: चन्द्रेक बिष्ट
बिष्ट कालोनी भूमियाधार, नैनीताल
फोन: +91 98378 06750
फोन: +91 97600 84374
ईमेल: [email protected]

BREAKING