नैनीताल
उपभोक्ताओं को अच्छी शराब उपलब्ध कराने को प्रशासन की कवायद शुरू, टीम ने दुकानों का किया निरीक्षण
सीएन, हल्द्वानी। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देशानुसार शुक्रवार को नैनीताल जिले के विभिन्न क्षेत्रों में आबकारी विभाग की टीम द्वारा नियमित प्रवर्तन एवं गुणवत्ता नियंत्रण अभियान के अंतर्गत विभिन्न मदिरा दुकानों तथा हल्द्वानी में संचालित एफ.एल-2 अनुज्ञापनों का निरीक्षण किया गया।निरीक्षण के दौरान विभिन्न मदिरा ब्रांड की उपलब्धता, भंडारण व्यवस्था, स्टॉक अभिलेखों एवं बिक्री प्रक्रिया की जांच की गई। गुणवत्ता परीक्षण सुनिश्चित किए जाने के उद्देश्य से विभिन्न मदिरा ब्रांड्स के नमूने (सैंपल) विधिवत रूप से लेकर प्रयोगशाला परीक्षण हेतु भेजे गए। सम्पूर्ण निरीक्षण कार्यवाही आबकारी अधिनियम एवं विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुरूप शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न की गई। आबकारी विभाग द्वारा आगे भी इस प्रकार की निरीक्षण एवं प्रवर्तन कार्यवाही निरंतर जारी रखी जाएगी, जिससे अवैध मदिरा के विक्रय पर प्रभावी नियंत्रण एवं उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण मदिरा की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके।
























































