नैनीताल
मुक्तेश्वर राजकीय इंटर कॉलेज में इको ब्रिक निर्माण कार्यशाला का आयोजन
सीएन, मुक्तेश्वर/नैनीताल। आज राजकीय इंटर कॉलेज, मुक्तेश्वर में जिला गंगा समिति, नैनीताल एवं शिप्रा कल्याण समिति, भवाली के संयुक्त तत्वावधान में प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन को बढ़ावा देने हेतु इको ब्रिक निर्माण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला के दौरान भारी मात्रा में एकत्रित बेकार एवं अनुपयोगी प्लास्टिक को प्लास्टिक बोतलों में भरकर कुल 130 इको ब्रिक तैयार किए गए। इस अवसर पर विद्यार्थियों को इको ब्रिक बनाने की संपूर्ण प्रक्रिया, इसके पर्यावरणीय लाभ तथा प्लास्टिक प्रदूषण को कम करने में इसकी भूमिका के बारे में जानकारी दी गई। बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वयं इको ब्रिक बनाए। कार्यशाला में शिप्रा कल्याण समिति, भवाली के अध्यक्ष श्री जगदीश नेगी द्वारा विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को इको ब्रिक निर्माण का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। उनके द्वारा सरल एवं प्रभावी तरीके से प्लास्टिक अपशिष्ट के पुनः उपयोग की तकनीक समझाई गई, जिससे विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखा गया। यह कार्यक्रम अध्यक्ष व जिलाधिकारी, जिला गंगा समिति, नैनीताल के निर्देशन ,सदस्य सचिव, जिला गंगा समिति, नैनीताल श्री हिमांशु बागरी, प्रभागीय वनाधिकारी (DFO) के कुशल नेतृत्व एवं जिला परियोजना अधिकारी, जिला गंगा समिति, नैनीताल श्री पीयूष तिवारी के समन्वय से संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम से प्लास्टिक प्रदूषण के दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए इको ब्रिक जैसी नवाचारपूर्ण पहल को समय की आवश्यकता बताया। आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना तथा प्लास्टिक अपशिष्ट के वैज्ञानिक, सुरक्षित एवं रचनात्मक उपयोग को बढ़ावा देना रहा। जिला गंगा समिति द्वारा भविष्य में भी इस प्रकार की जन-जागरूकता एवं सहभागितामूलक गतिविधियाँ निरंतर आयोजित किए जाने की योजना है, जिससे स्वच्छ गंगा–निर्मल गंगा एवं स्वच्छ पर्यावरण के लक्ष्य को साकार किया जा सके।


























































