Connect with us

नैनीताल

सचिव आपदा प्रबंधन उत्तराखण्ड विनोद कुमार सुमन द्वारा बलियानाला क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया

सीएन, नैनीताल। नैनीताल क्षेत्र में बलियानाला दीर्घकालिक समाधान हेतु उत्तराखण्ड शासन द्वारा वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति के क्रम में संचालित बहुपरियोजना कार्यों का शुक्रवार को सचिव, आपदा प्रबंधन, उत्तराखण्ड विनोद कुमार सुमन द्वारा स्थलीय निरीक्षण किया गया। बलियानाला योजना हेतु कुल 177.91 करोड़ रुपए (172.91 करोड़ + 5 करोड़ रुपए पर्यटन विभाग द्वारा सौंदर्यीकरण हेतु) की स्वीकृति प्रदान की गई थी। जनवरी 2024 में अनुबंध गठन के उपरांत कार्य आरंभ किया गया, भूगर्भीय परिस्थितियों को दृष्टिगत रखते हुए पूर्व में निर्मित डी.पी.आर. को सुदृढ़ करने की आवश्यकता अनुभव की गई। इस संदर्भ में शासन द्वारा डी.पी.आर. के सुदृढ़ीकरण का निर्णय लिया गया। आई.आई.टी. रुड़की द्वारा सुझाए गए तकनीकी उपायों एवं पी.एम.सी. सदस्यों के सुझावों को सम्मिलित करते हुए कुल 298.93 करोड़ रुपए की पुनरीक्षित योजना को वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्राप्त हुई। पुनरीक्षित योजना में तकनीकों के माध्यम से स्थल सुदृढ़ीकरण के कार्य सम्मिलित किए गए हैं। शुक्रवार को बलिया नाले के निरीक्षण के दौरान सचिव आपदा द्वारा सेक्शन-A के विभिन्न बेंच (El 1880, El 1866, El 1852) पर संपादित कार्यों का अवलोकन किया गया।
निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता सिंचाई, संजय शुक्ल द्वारा संपादित तकनीकी कार्यों की विस्तार से जानकारी दी गई। सचिव द्वारा अब तक की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया गया एवं आगामी कार्यों की भी गहन जानकारी प्राप्त की गई।निरीक्षण के दौरान सचिव आपदा द्वारा आमजन से संवाद कर उनके सुझाव सुने तथा उनकी सुगमता एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रेलिंग, सीढ़ियों आदि की व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु विभाग को निर्देशित किया गया। साथ ही विभिन्न सेक्शन से निकल रही जलधाराओं को पाइपों के माध्यम से सुरक्षित रूप से नाले (टो) तक पहुंचाने के निर्देश भी दिए गए, जिससे संभावित कटाव को रोका जा सके। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी,अधीक्षण अभियंता सिंचाई महेश खरे,सहायक अभियंता सुमित मालवाल एवं पंकज पाठक, अपर सहायक अभियंता पुष्पेन्द्र सैनी तथा निर्माणदायी संस्था के प्रतिनिधिगण इंदरजीत एवं दीपक शर्मा भी उपस्थित रहे।

More in नैनीताल

Trending News

Follow Facebook Page

About

आज के दौर में प्रौद्योगिकी का समाज और राष्ट्र के हित सदुपयोग सुनिश्चित करना भी चुनौती बन रहा है। ‘फेक न्यूज’ को हथियार बनाकर विरोधियों की इज्ज़त, सामाजिक प्रतिष्ठा को धूमिल करने के प्रयास भी हो रहे हैं। कंटेंट और फोटो-वीडियो को दुराग्रह से एडिट कर बल्क में प्रसारित कर दिए जाते हैं। हैकर्स बैंक एकाउंट और सोशल एकाउंट में सेंध लगा रहे हैं। चंद्रेक न्यूज़ इस संकल्प के साथ सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर दो वर्ष पूर्व उतरा है कि बिना किसी दुराग्रह के लोगों तक सटीक जानकारी और समाचार आदि संप्रेषित किए जाएं।समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी को समझते हुए हम उद्देश्य की ओर आगे बढ़ सकें, इसके लिए आपका प्रोत्साहन हमें और शक्ति प्रदान करेगा।

संपादक

Chandrek Bisht (Editor - Chandrek News)

संपादक: चन्द्रेक बिष्ट
बिष्ट कालोनी भूमियाधार, नैनीताल
फोन: +91 98378 06750
फोन: +91 97600 84374
ईमेल: [email protected]

BREAKING