नैनीताल
विकास के सपनें दिखाकर ग्रामीणों के लिए शराब की दुकानें उपलब्ध कराना कैसा विकास है : खष्टी बिष्ट
सीएन, नैनीताल। रातीघाट में शराब की दुकान के विरोध में पूर्व दर्जा राज्यमंत्री व जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती खष्टी बिष्ट ने कहा कि विगत दस बरसों में स्कूल-कॉलेज, रोज़गार तथा चिकित्सा के विकास का दिवास्वप्न दिखाकर सत्ता में आयी सरकार ने जनता को खनन और शराब के अलावा दिया ही क्या है? इन से ज़बर्दस्त राजस्व वसूली करके भी चिकित्सा और स्वास्थ्य जैसी सेवाएँ खस्ताहाल है। उन्होंने कहा कि शहरों को छोड़ गाँवों के भोले भाले निवासियों के लिए शराब की दुकान खोलकर उन्हें लत डलवा देना अनैतिक है। श्रीमती बिष्ट विकासखंड बेतालघाट के रातीघाट में शराब की दुकान के विरोध प्रदर्शन में उपस्थित रही। विरोध कार्यक्रम में निकटवर्ती ग्रामों से आए सैकड़ों ग्रामीणों ने अपनी नाराज़गी व्यक्त की। वक्ताओं ने बताया कि यह दुकान आस पास के युवाओं को नशे का आदी बना रही है तथा ग्रामीणों पर भी इसका बुरा असर हो रहा है लिहाज़ा इसे तुरंत बंद किया जाना चाहिए। विरोध कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य यशपाल आर्या, जया किशोर, संजय सिंह, चंदन सिंह, किशोर सिंह, ब्लॉक प्रमुख अंकित साह, नीमा देवी, हेमा देवी, बिमला देवी, देवकी देवी शान्ति तिवारी,सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति ने प्रतिभाग कर शराब की दुकान का विरोध किया और बंद करवाने की अपील की। कहा कि धरना प्रदर्शन 1 अप्रैल से लगातार क्षेत्र के जनप्रतिनिधि और मातृशक्ति द्वारा दिया जा रहा है। सांसद द्वारा भी आश्वासन दिया गया है कि यहां से हम जल्द ही शराब की दुकान हटवा देंगे बावजूद आज तक शासन प्रशासन एवं सरकार के कानों में जूं तक नहीं रेगी है। इधर ब्लॉक प्रमुख अंकित शाह के नेतृत्व में एक शिष्टमंडल जिलाधिकारी से मिलने गया। शिष्टमंडल शराब की दुकान हटाने की मांग की। शिष्टमंडल ने मांग की कि कैंची धाम के नजदीक इस तरह शराब की दुकान का खोलना अनुचित है। इसके अलावा शराब की दुकान के पास ही इंटर कालेज भी है। इससे बच्चों का भविष्य खराब होने की संभावना बन रही है।










































