Connect with us

स्वास्थ्य

सरकारी काम होते नहीं, करवाए जाते हैं—जनहित की मुहिम रंग लाई

सीएन, अल्मोड़ा। वर्षों से बिना फार्मेसी अधिकारी के संचालित हो रहे राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय अल्मोड़ा में अंततः अस्थायी फार्मेसी अधिकारी की नियुक्ति के आदेश जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी द्वारा जारी कर दिए गए हैं। फिलहाल फार्मेसी अधिकारी सोमवार, मंगलवार और बुधवार को जिला चिकित्सालय के कक्ष संख्या 9 में अपनी सेवाएं देंगे। साथ ही प्रशासन ने यह भी आश्वस्त किया है कि आगामी माह से यहां पूर्णकालिक फार्मेसी अधिकारी की नियुक्ति सुनिश्चित की जाएगी। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि प्रशासन द्वारा यह स्पष्ट आश्वासन दिया गया है कि राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय को किसी भी परिस्थिति में बंद नहीं किया जाएगा। यह चिकित्सालय सोमवार से शनिवार तक (राजकीय अवकाश को छोड़कर) नियमित रूप से खुला रहेगा। ज्ञात रहे कि पूर्व में “कैंप ड्यूटी” के नाम पर चिकित्सकों की ड्यूटी इधर-उधर लगाए जाने के कारण अस्पताल में नियमित चिकित्सा व्यवस्था प्रभावित होती रही, जिससे दूर-दराज़ से आने वाले मरीजों को भटकना पड़ता था। इस अव्यवस्था पर भी गंभीर आपत्ति दर्ज कराई गई थी। वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता संजय पाण्डे द्वारा इस संबंध में सूचना का अधिकार (आर.टी.आई.) दायर की गई है, जिसकी प्रक्रिया वर्तमान में प्रगति पर है। निरंतर प्रयास, जनदबाव और मीडिया के सहयोग से यह सकारात्मक निर्णय संभव हो पाया है। संजय पाण्डे ने इस जनहितकारी अभियान में निष्पक्ष एवं निर्भीक सहयोग देने वाले सभी मीडियाकर्मियों का हृदय की गहराइयों से आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि जनसुविधाओं के संरक्षण और सुदृढ़ीकरण के लिए उनका संघर्ष आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

More in स्वास्थ्य

Trending News

Follow Facebook Page

About

आज के दौर में प्रौद्योगिकी का समाज और राष्ट्र के हित सदुपयोग सुनिश्चित करना भी चुनौती बन रहा है। ‘फेक न्यूज’ को हथियार बनाकर विरोधियों की इज्ज़त, सामाजिक प्रतिष्ठा को धूमिल करने के प्रयास भी हो रहे हैं। कंटेंट और फोटो-वीडियो को दुराग्रह से एडिट कर बल्क में प्रसारित कर दिए जाते हैं। हैकर्स बैंक एकाउंट और सोशल एकाउंट में सेंध लगा रहे हैं। चंद्रेक न्यूज़ इस संकल्प के साथ सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर दो वर्ष पूर्व उतरा है कि बिना किसी दुराग्रह के लोगों तक सटीक जानकारी और समाचार आदि संप्रेषित किए जाएं।समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी को समझते हुए हम उद्देश्य की ओर आगे बढ़ सकें, इसके लिए आपका प्रोत्साहन हमें और शक्ति प्रदान करेगा।

संपादक

Chandrek Bisht (Editor - Chandrek News)

संपादक: चन्द्रेक बिष्ट
बिष्ट कालोनी भूमियाधार, नैनीताल
फोन: +91 98378 06750
फोन: +91 97600 84374
ईमेल: [email protected]

BREAKING