राष्ट्रीय
आज 22 दिसंबर को है राष्ट्रीय गणित दिवस : महान गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुजन की जयंती
सीए, नैनीताल। 22 दिसंबर को प्रतिवर्ष राष्ट्रीय गणित दिवस के रूप में सेलिब्रेट किया जाता है। इस दिन को भारत के महान गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुजन की जयंती के उपलक्ष्य में मनाया जाता है। आपको बता दें कि इस दिन की शुरुआत वर्ष 2012 में तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह द्वारा की गई थी, जिसके बाद से प्रतिवर्ष श्रीनिवास रामानुजन को श्रद्धांजलि देने और उनके द्वारा दिए गए योगदान को याद किया जाता है। श्रीनिवास रामानुजन का जन्म 22 दिसंबर 1887 को तमिलनाडु के इरोड में हुआ था। उन्होंने एक ब्राह्मण परिवार में जन्म लिया। बचपन से ही वे गणित में रुचि रखते थे। जब तक वे 12 साल के हुए तब तक उन्होंने त्रिकोणमिति में महारत हासिल कर ली थी। इसी के चलते उनको कुंभकोणम के सरकारी कला महाविद्यालय में छात्रवृत्ति प्रदान की गई और उन्होंने अपनी आगे की पढ़ाई यहां से जारी रखी। यहां वे गैर गणितीय विषयों के चलते सफल नहीं हो सके। इसके बाद वे 1913 में ट्रिनिटी कॉलेज, कैम्ब्रिज चले गए और वहां से बैचलर ऑफ साइंस (बीएससी) की डिग्री प्राप्त की। ट्रिनिटी कॉलेज के फेलो बनने वाले वे पहले भारतीय बने। अपने पढ़ाई के बाद और स्वास्थ्य में गिरावट के चलते वे 1919 में भारत वापस लौट आये। इसके बाद उनके स्वास्थ्य में लगातार गिरावट होती रही और अंत में 26 अप्रैल को मात्र 32 वर्ष की उम्र में उनका निधन हो गया।























































