राजनीति
शशि थरूर चुनाव हारे, खड़गे होंगे कांग्रेस के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष
शशि थरूर चुनाव हारे, खड़गे होंगे कांग्रेस के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष
सीएन, नईदिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए 17 अक्टूबर 2022 को विभिन्न राज्यों में बने पोलिंग बूथ पर वोट डाले गए थे। 9500 से कुछ ज्यादा डेलिगेट ने वोटिंग प्रक्रिया में हिस्सा लिया था। कांग्रेस के चुनाव पदाधिकारियों ने 96 फीसद तक वोटिंग होने का दावा किया था। बुधवार को कांग्रेस कार्यालय में काउंटिंग प्रक्रिया शुरू हुई है। सभी प्रदेशों से आए मतपत्रों को एकसाथ मिलाकर मतगणना की जा रही है। शाम 3 से 4 बजे के बीच मतगणना का परिणाम आने की उम्मीद जताई जा रही है। 24 साल बाद गांधी परिवार के बाहर कोई नेता देश की सबसे पुरानी पार्टी का अध्यक्ष चुना जाएगा। आज यह तय हो जाएगा कि कांग्रेस की कमान मल्लिकार्जुन खड़गे या फिर शशि थरूर के हाथों में होगी कांग्रेस पार्टी के 137 साल के इतिहास में छठी बार अध्यक्ष पद के लिए चुनाव हुआ है। कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए हुई वोटिंग के बाद 19 अक्टूबर को मतगणना का काम चल रहा है। इस बीच, मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर कांग्रेस नेताओं के पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी है। अब पार्टी के वरिष्ठ नेता पीएल पुनिया खड़गे के आवास पर उनसे मुलाकात करने पहुंचे हैं। शशि थरूर के पोलिंग एजेंट ने उत्तर प्रदेश में चुनावी प्रक्रिया का पालन न होने का गंभीर आरोप लगाया है। कांग्रेस नेता यशपाल आर्या ने इस पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने आरोप को कपोल-कल्पित करार दिया है। उन्होंने कहा कि चुनाव एकदम निष्पक्ष तरीके से हुआ है. हमने किसी तरह की गड़बड़ी नहीं होने दी है।