Connect with us

राजनीति

लाल किले पर खाली पड़ी रही कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन की कुर्सी

लाल किले पर खाली पड़ी रही कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन की कुर्सी
सीएन, नईदिल्ली।
आज देश 77वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ऐतिहासिक लाल किले से समारोह का नेतृत्व कर रहे हैं। पीएम मोदी प्रधानमंत्री आवास से निकलने के बाद राजघाट पहुंचे, जहां उन्होंने महात्मा गांधी को पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने लाल किले की प्राचीर से लगातार 10 बार झंडा फहराया है। पीएम मोदी ने इस दौरान लगभग 1.5 घंटे का भाषण दिया, जिसमें देश के विभिन्न मुद्दों का जिक्र किया। लेकिन स्वतंत्रता दिवस समारोह से कांग्रेस ने हिस्सा नही लिया। इस मौके पर पक्ष-विपक्ष के नेता और सांसद लाल किले पर पहुंचे थे, वहीं एक कुर्सी भी खाली दिखाई दी। यह कुर्सी कांग्रेस के एक बड़े नेता की थी। लाल किले पर जहां पीएम मोदी ने अपना भाषण दिया। वहीं, इस दौरान एक खाली सीट दिखी। यह सीट राज्यसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की थी। वह पीएम मोदी का भाषण सुनने नहीं पहुंचे, जिससे राजनीतिक गलियारों में चर्चा शुरू हो गई। हालांकि, कांग्रेस ने इस पर सफाई भी दी। उन्होंने कहा कि खरगे को ठीक महसूस नहीं हो रहा था, इसलिए वह लाल किले पर नहीं पहुंचे। इस बीच खरगे ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो संदेश जारी किया। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं व बधाई दीं। कहा कि लोकतंत्र और संविधान हमारी देश की आत्मा है। हम यह प्रण लेते हैं कि हम देश की एकता और अखंडता के लिये, प्रेम और भाईचारे के लिए, सौहार्द और सद्भाव के लिए लोकतंत्र और संविधान की स्वतंत्रता कायम रखेंगे। उन्होंने महात्मा गांधी, जवाहरलाल नेहरू, सरदार वल्लभभाई पटेल, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, मौलाना आजाद, राजेंद्र प्रसाद, सरोजिनी नायडू और बीआर अंबेडकर जैसे स्वतंत्रता प्रतीकों को श्रद्धांजलि अर्पित की। कांग्रेस अध्यक्ष ने पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू और इंदिरा गांधी, लाल बहादुर शास्त्री, राजीव गांधी, पीवी नरसिम्हा राव और मनमोहन सिंह जैसे अन्य कांग्रेस प्रधानमंत्रियों के योगदान पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने बीजेपी के आदर्श अटल बिहारी वाजपेयी का भी जिक्र किया। कहा कि हर प्रधानमंत्री ने देश की प्रगति में योगदान दिया है। आज कुछ लोग यह कहने की कोशिश कर रहे हैं कि भारत ने केवल पिछले कुछ वर्षों में प्रगति देखी है। जबकि अटल बिहारी वाजपेयी के साथ-साथ सभी प्रधानमंत्रियों ने देश के बारे में सोचा और विकास के लिए कई कदम उठाए। खरगे ने कहा कि मुझे दुख के साथ कहना पड़ रहा है कि आज लोकतंत्र, संविधान और स्वायत्त संस्थाएं गंभीर खतरे में हैं। आवाज को दबाने के लिए नए-नए औजारों का इस्तेमाल किया जा रहा है। न सिर्फ सीबीआई, प्रवर्तन निदेशालय और इनकम टैक्स के छापे पड़ रहे हैं, बल्कि चुनाव आयोग को भी कमजोर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विपक्षी सांसदों का मुंह बंद करने के लिए उन्हें निलंबित किया जा रहा है, माइक बंद किया जा रहा है, भाषणों को हटाया जा रहा है। कांग्रेस अध्यक्ष ने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थानों, भारतीय प्रबंधन संस्थानों, एम्स, अंतरिक्ष अनुसंधान के निर्माण को सूचीबद्ध किया। उन्होंने कहा कि नेहरू ने नव स्वतंत्र भारत में कला, संस्कृति और साहित्य को बढ़ावा दिया। उन्होंने पीएम मोदी के प्रमुख मंत्रों में से एक पर कहा कि लाल बहादुर शास्त्री और इंदिरा गांधी की नीतियों ने भारत को आत्मनिर्भर बनने में मदद की।

More in राजनीति

Trending News

Follow Facebook Page

About

आज के दौर में प्रौद्योगिकी का समाज और राष्ट्र के हित सदुपयोग सुनिश्चित करना भी चुनौती बन रहा है। ‘फेक न्यूज’ को हथियार बनाकर विरोधियों की इज्ज़त, सामाजिक प्रतिष्ठा को धूमिल करने के प्रयास भी हो रहे हैं। कंटेंट और फोटो-वीडियो को दुराग्रह से एडिट कर बल्क में प्रसारित कर दिए जाते हैं। हैकर्स बैंक एकाउंट और सोशल एकाउंट में सेंध लगा रहे हैं। चंद्रेक न्यूज़ इस संकल्प के साथ सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर दो वर्ष पूर्व उतरा है कि बिना किसी दुराग्रह के लोगों तक सटीक जानकारी और समाचार आदि संप्रेषित किए जाएं।समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी को समझते हुए हम उद्देश्य की ओर आगे बढ़ सकें, इसके लिए आपका प्रोत्साहन हमें और शक्ति प्रदान करेगा।

संपादक

Chandrek Bisht (Editor - Chandrek News)

संपादक: चन्द्रेक बिष्ट
बिष्ट कालोनी भूमियाधार, नैनीताल
फोन: +91 98378 06750
फोन: +91 97600 84374
ईमेल: [email protected]

BREAKING