Connect with us

खेल

20 वें गवर्नर्स कप गोल्फ टूर्नामेंट का राज्यपाल ने किया शुभारंभ, पहले दिन 70 गोल्फरों ने किया प्रतिभाग

सीएन, नैनीताल। शुक्रवार को राजभवन गोल्फ क्लब नैनीताल द्वारा आयोजित 20वां ’’गवर्नर्स कप गोल्फ टूर्नामेंट’’ शुरू हो गया। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने टी-ऑफ कर टूर्नामेंट का शुभारंभ किया। तीन दिन तक चलने वाले इस टूर्नामेंट में देशभर से इस वर्ष रिकॉर्ड 177 गोल्फर प्रतिभाग कर रहे हैं। टूर्नामेंट के पहले दिन आज 70 गोल्फर खेले जिनमें 06 महिलाएं, 46 सामान्य वर्ग एवं 18 जूनियर गोल्फर शामिल थे। शुभारंभ के अवसर पर राज्यपाल ने एशियाई खेलों के (गोल्फ) स्वर्ण पदक विजेता एवं अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित अमित लूथरा, पद्मश्री एवं अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित जफर इकबाल, स्कूली बच्चों सहित देश के अलग-अलग हिस्सों से आए गोल्फरों से बातचीत की और उनका उत्साहवर्धन किया।  शुभारंभ के अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि राजभवन गोल्फ कोर्स का नैसर्गिक सौंदर्य अपने आप में अलग है देश के विभिन्न भागों से यहां आने वाले खिलाड़ी गोल्फ खेलने के साथ ही उत्तराखण्ड की नैसर्गिक सुंदरता और यहां के पर्यटन स्थलों का भी लुत्फ उठा सकेंगे। उन्होंने कहा कि देश एवं विदेश से यहां गोल्फर आएं और यहां खेलने के साथ-साथ यहां के प्राकृतिक सौंदर्य का लुत्फ लें। राजभवन गोल्फ कोर्स खेल, प्रकृति और आत्मिक शांति का संगम है। जहां खेलना एक अलग ही अनुभव मिलता है। राज्यपाल ने कहा कि गोल्फ टूर्नामेंट में 06 वर्ष के बच्चे और 80 वर्ष तक के सुपर वेटरन खेल रहे हैं जिससे टूर्नामेंट की रोचकता बढ़ी है। राज्यपाल ने कहा कि यह टूर्नामेंट केवल एक खेल आयोजन नहीं, बल्कि फिट इंडिया और खेलो इंडिया जैसी पहलों का सशक्त मंच है। उन्होंने कहा कि राजभवन गोल्फ कोर्स प्राकृतिक सौंदर्य, आध्यात्मिकता और खेल का अनोखा संगम है। उन्होंने कहा कि हाल ही में आयोजित बर्ड वॉचिंग सत्र में यहां 160 से अधिक पक्षियों की प्रजातियाँ देखी गईं, जो गोल्फ कोर्स के सौंदर्य को और भी बढ़ाता है। शुभारंभ के अवसर पर सचिव राज्यपाल रविनाथ रामन, आयुक्त कुमाऊँ मंडल दीपक रावत, अपर सचिव स्वाति एस. भदौरिया, उत्तरांचल गोल्फ फेडरेशन के अध्यक्ष मेजर जनरल संजय पुरी, परिसहाय राज्यपाल अमित श्रीवास्तव, मेजर सुमित कुमार, वित्त नियंत्रक डॉ. तृप्ति श्रीवास्तव, संयुक्त निदेशक सूचना डॉ. नितिन उपाध्याय, गोल्फ कैप्टन कर्नल (रि.) विवेक भट्ट सहित स्थानीय प्रशासन के अधिकारी, इस टूर्नामेंट के प्रायोजक, सहप्रायोजक संस्थानों के प्रतिनिधि और गोल्फर्स उपस्थित रहे।
                                                                         

More in खेल

Trending News

Follow Facebook Page

About

आज के दौर में प्रौद्योगिकी का समाज और राष्ट्र के हित सदुपयोग सुनिश्चित करना भी चुनौती बन रहा है। ‘फेक न्यूज’ को हथियार बनाकर विरोधियों की इज्ज़त, सामाजिक प्रतिष्ठा को धूमिल करने के प्रयास भी हो रहे हैं। कंटेंट और फोटो-वीडियो को दुराग्रह से एडिट कर बल्क में प्रसारित कर दिए जाते हैं। हैकर्स बैंक एकाउंट और सोशल एकाउंट में सेंध लगा रहे हैं। चंद्रेक न्यूज़ इस संकल्प के साथ सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर दो वर्ष पूर्व उतरा है कि बिना किसी दुराग्रह के लोगों तक सटीक जानकारी और समाचार आदि संप्रेषित किए जाएं।समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी को समझते हुए हम उद्देश्य की ओर आगे बढ़ सकें, इसके लिए आपका प्रोत्साहन हमें और शक्ति प्रदान करेगा।

संपादक

Chandrek Bisht (Editor - Chandrek News)

संपादक: चन्द्रेक बिष्ट
बिष्ट कालोनी भूमियाधार, नैनीताल
फोन: +91 98378 06750
फोन: +91 97600 84374
ईमेल: [email protected]

BREAKING