उत्तराखण्ड
विधानसभा सत्र का आगाज, आज पेश होगा 1.11 लाख करोड़ का बजट, राज्यपाल के अभिभाषण के दौरान विपक्ष की नारेबाजी
सीएन, भराड़ीसैंण। उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी भराड़ीसैंण (गैरसैंण) में सोमवार से विधानसभा का बजट सत्र शुरू हो गया है। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) के अभिभाषण के दौरान विपक्ष ने गर्वनर गो बैक के नारे लगा कर अपना विरोध प्रकट किया। इस अभिभाषण के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए करीब 1.11 लाख करोड़ रुपए का बजट पेश कर रहे हैं। सत्र के पहले दिन ही मुख्यमंत्री धामी वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट सदन में पेश करेंगे। अनुमान है कि बजट का आकार करीब 1 लाख 11 हजार करोड़ रुपए रहेगा। इसमें प्रदेश के बुनियादी ढांचे, पर्यटन, स्वास्थ्य, शिक्षा और ग्रामीण विकास से जुड़े क्षेत्रों के लिए घोषणाएं की जा सकती हैं। इस बजट से पर्वतीय जिलों के साथ ही खासकर चमोली जिले को सड़क, पर्यटन और आपदा प्रबंधन से जुड़ी योजनाओं में बड़ी घोषणाओं की उम्मीद है। चारधाम यात्रा और सीमांत क्षेत्र होने के कारण चमोली जिले के लिए बजट में कई महत्वपूर्ण घोषणाओं की उम्मीद जताई जा रही है। जिसमें बदरीनाथ और आसपास के क्षेत्रों में पर्यटन और तीर्थाटन सुविधाओं का विस्तार, पहाड़ी क्षेत्रों में सड़क और कनेक्टिविटी परियोजनाएं, आपदा प्रभावित इलाकों के लिए सुरक्षा और पुनर्वास योजनाएं, सीमांत गांवों में बुनियादी सुविधाओं का विकास शामिल हैं। इस विधानसभा सत्र के लिए विधायकों की ओर से करीब 600 प्रश्न लगाए गए हैं। इन सवालों के जरिए विभिन्न विभागों की योजनाओं और खर्च पर चर्चा होगी। संबंधित मंत्रियों को इन सवालों का जवाब देना होगा। विपक्ष का आरोप है कि राज्यपाल के अभिभाषण वाले दिन ही बजट पेश करने से उस पर विस्तृत चर्चा का समय कम हो सकता है। विपक्षी दलों का कहना है कि सरकार को बजट पर पर्याप्त चर्चा का अवसर देना चाहती है। विधानसभा सत्र के मद्देनजर गैरसैंण में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। विधानसभा परिसर में प्रवेश के लिए विशेष पास जारी किए गए हैं और बिना पास किसी को भी प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। परिसर और आसपास के क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है।


























