उत्तराखण्ड
आज नवरात्र के दूसरे दिन शुक्रवार को राज्यपाल धामी सरकार के नए मंत्रियों को शपथ दिलाएंगे
सीएन, देहरादून। धामी मंत्रिमंडल के विस्तार का शुभ मुहूर्त आखिर आ ही गया। आज नवरात्र के दूसरे दिन शुक्रवार को सुबह 10 बजे लोकभवन में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) नए मंत्रियों को शपथ दिलाएंगे। वर्तमान में कैबिनेट में पांच मंत्रियों के पद खाली हैं। सूत्रों के अनुसार ताजपोशी के लिए नए चेहरों का चयन विधायकों के पिछले चार साल के कामकाज का रिकॉर्ड देखकर किया गया है। नई कैबिनेट में क्षेत्रीय व जातीय समीकरण के बीच संतुलन बनाया जाएगा। प्रदेश में लंबे समय से कैबिनेट विस्तार की चर्चाएं थीं। राष्ट्रीय नेतृत्व के साथ कैबिनेट विस्तार पर कई दौर की वार्ता हो चुकी हैं। सरकार व संगठन के बीच कैबिनेट विस्तार के लिए होमवर्क पूरा होने के बाद इसके लिए नवरात्र का शुभ मुहूर्त चुना गया। धामी सरकार में मंत्रियों के तीन पद तो पहले से खाली थे। एक पद मंत्री चंदन रामदास के निधन और दूसरा पद प्रेमचंद अग्रवाल के इस्तीफे के बाद खाली हो गया था। वर्तमान में मंत्रिमंडल में कुल पांच पद खाली हैं। सरकार ने निगमों, बोर्ड व आयोगों में पार्टी पदाधिकारियों को दायित्वधारी बनाया है। अभी दायित्वधारियों के कई पद खाली हैं। सूत्रों के अनुसार अब जल्द ही दो दर्जन और पदों पर दायित्वधारी बनाए जाएंगे।












































