Connect with us

उत्तरकाशी

धामों में बर्फबारी ने बढ़ाई प्रशासन की मुसीबत, केदारनाथ पैदल मार्ग हिमखंड टूटने से बंद

धामों में बर्फबारी ने बढ़ाई प्रशासन की मुसीबत, केदारनाथ पैदल मार्ग हिमखंड टूटने से बंद
सीएन, उत्तरकाशी/चमोली/रूद्रप्रयाग।
चारों धामों में कपाट खुलने से ठीक पहले हो रही बर्फबारी से यात्रा के इंतजामों में जुटी प्रशासनिक मशीनरी के सामने मुश्किलें खड़ी हो गई हैं। केदारनाथ पैदल मार्ग भैरव ग्लेशियर में हिमखंड टूटने से बंद हो गया। उधर, हनुमानचट्टी से बदरीनाथ के बीच राजमार्ग बर्फबारी के चलते बुधवार दोपहर तक बंद रहा। हेमकुंड पैदल मार्ग से बर्फ हटा रही सेना की टीम गुरुवार को घांघरिया से आगे नहीं जा सकी। यमुनोत्री और गंगोत्री धाम में जारी बर्फबारी के कारण साफ-सफाई और मंदिरों को सजाने में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। केदारनाथ हिमखंड टूटने से पैदल मार्ग बंद केदारनाथ में दो दिन से रुक-रुककर बर्फबारी हो रही है। इससे गुरुवार को कुबेर और भैरव गदेरे के बीच हिमखंड टूट गया। इसके चलते पैदल मार्ग बंद होने से यात्रा के इंतजामों में जुटे मजदूरों और कर्मचारियों की आवाजाही नहीं हो सकी। लोनिवि के ईई प्रवीण कर्णवाल ने बताया कि 30 मजदूरों की टीम मौके से बर्फ हटाने को भेजी है। धाम में करीब डेढ़ फीट ताजा बर्फ गिरी है। इस कारण यात्रियों के लिए टैंट लगाने समेत अन्य कामों में मुश्किलें आ रही हैं। हेमकुंड साहिब पैदल मार्ग पर अटलाकोटी और हेमकुंड के बीच पहले ही सात से आठ फीट तक बर्फ है। बीते दो दिनों में तीन फीट तक बर्फ गिरने से सेना को बर्फ हटाने का काम रोकना पड़ा है। गोविंद घाट गुरुद्वारा के मुख्य प्रबंधक सरदार सेवा सिंह ने बताया कि सुरक्षा की दृष्टि से सेना के इंजीनियरिंग कोर के जवान व अफसर घांघरिया में रुके हुए हैं। गंगोत्री,यमुनोत्री, हर्षिल, मुखबा आदि क्षेत्रों में छह इंच से लेकर एक फीट तक बर्फ गिरी। इससे गंगोत्री में बिजली,पानी व सफाई के साथ मंदिर की साजसज्जा नहीं हो पाई। यमुनोत्री धाम में सीढ़ियों और हाईवे पर चल रहा पेंटिंग का काम प्रभावित रहा। उधर, शुक्रवार को मुखबा से गंगा की उत्सव डोली बर्फ से ढके रास्ते ही रवाना होगी। बीते दिनों से पहाड़ से लेकर मैदान तक बारिश का दौर जारी है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों​ खासकर चारधाम में बर्फबारी हो रही है। इस वजह से तापमान में गिरावट और ठंड बढ़ी है। गंगोत्री, यमुनोत्री की ऊंची चोटियों व केदारनाथ व बदरीनाथ धामों में सोमवार से बर्फबारी हो रही है। मौसम विभाग की ओर से भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। देहरादून, अल्‍मोड़ा, नैनीताल और चंपावत में गर्जन के साथ बिजली चमकने और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। वहीं कुछ स्‍थानों पर हल्‍की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग की और से जारी जानकारी के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से उत्तराखंड में बारिश, ओलावृष्टि व बर्फबारी का दौर 24 मार्च तक बने रहने की संभावना है। 22 और 23 मार्च को इसमें कुछ कमी आने का अनुमान है।

More in उत्तरकाशी

Trending News

Follow Facebook Page

About

आज के दौर में प्रौद्योगिकी का समाज और राष्ट्र के हित सदुपयोग सुनिश्चित करना भी चुनौती बन रहा है। ‘फेक न्यूज’ को हथियार बनाकर विरोधियों की इज्ज़त, सामाजिक प्रतिष्ठा को धूमिल करने के प्रयास भी हो रहे हैं। कंटेंट और फोटो-वीडियो को दुराग्रह से एडिट कर बल्क में प्रसारित कर दिए जाते हैं। हैकर्स बैंक एकाउंट और सोशल एकाउंट में सेंध लगा रहे हैं। चंद्रेक न्यूज़ इस संकल्प के साथ सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर दो वर्ष पूर्व उतरा है कि बिना किसी दुराग्रह के लोगों तक सटीक जानकारी और समाचार आदि संप्रेषित किए जाएं।समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी को समझते हुए हम उद्देश्य की ओर आगे बढ़ सकें, इसके लिए आपका प्रोत्साहन हमें और शक्ति प्रदान करेगा।

संपादक

Chandrek Bisht (Editor - Chandrek News)

संपादक: चन्द्रेक बिष्ट
बिष्ट कालोनी भूमियाधार, नैनीताल
फोन: +91 98378 06750
फोन: +91 97600 84374
ईमेल: [email protected]

BREAKING