मौसम
लंबे समय से बारिश नहीं होने से सूखे जैसी स्थिति, जल स्रोत प्रभावित, आज बारिश के आसार
सीएन, देहरादून/नैनीताल। उत्तराखंड में मौसम का बदलता मिजाज लोगों की चिंता बढ़ा रहा है। लंबे समय से बारिश नहीं होने के कारण सूखे जैसी स्थिति बनने का डर भी जताया जा रहा है। कई स्थानों में झीलों व नदियों का जल स्तर तेजी से घट रहा है तो वहीं प्राकृतिक जल स्रोत भी बुरी तरह प्रभावित हो रहे है। इधर मौसम विभाग लगातार पर्वतीय इलाकों में मौसम बदलने की संभावना जता रहा है, लेकिन फिलहाल मैदान से लेकर पहाड़ तक दिन के साथ-साथ रात का तापमान भी बढ़ता जा रहा है। हालांकि मौसम विज्ञान केंद्र ने मंगलवार को प्रदेश के कुछ पर्वतीय जिलों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है। केंद्र की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार 10 मार्च को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के भी आसार हैं। खासतौर पर 3800 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी की संभावना ज्यादा बताई जा रही है। नैनीताल सहित आसपास के क्षेत्रों में मंगलवार को सुबह से ही धुंध छाई रही। रात्रि को पाला गिर रहा है। बारिश की कमी और लगातार बढ़ते तापमान के कारण लोगों की चिंता बढ़ गई है। मौसम विभाग की ओर से जारी पूर्वानुमान पर अब सबकी नजरें टिकी हुई हैं। कुल मिला कर मौसमी तेवरों से लोग अचंभित हैं।


























