मौसम
उत्तराखंड में 30, 31 अक्टूबर से लेकर 1 नवंबर तक मौसम का मिजाज बदला रहेगा
सीएन, देहरादून/नैनीताल। मौसम विभाग के अनुसार उत्तराखंड में 30, 31 अक्टूबर से लेकर 1 नवंबर तक मौसम का मिजाज बदला नजर आएगा। उत्तराखंड के नैनीताल जनपद सहित कई स्थानों में गुरुवार को सुबह से ही बादल छाये हुए हैं। इस दौरान उत्तर भारत के विभिन्न राज्यों दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, बिहार और झारखंड में बारिश का अलर्ट जारी है। आईएमडी ने वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से उत्तराखंड में बारिश-बर्फबारी एवं हिमाचल प्रदेश में हिमपात होने की संभावना बरकरार रखी है। उधर, दक्षिण भारत में मोंथा चक्रवाती तूफान का असर अगले 2 दिन तक बना रहेगा। मोंथा के असर से तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, केरल ओडिशा, बंगाल और महाराष्ट्र में आंधी-तूफान के साथ भारी से भारी बारिश का पूर्वानुमान है।उत्तराखंड में पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव होने से ऊंचाई वाले स्थानों पर बर्फबारी का अलर्ट है। कुमाऊं वाले इलाकों में आंशिक तौर पर बादल छाए रहने के साथ बारिश और बर्फबारी तापमान लुढ़केगा, जिसका असर मैदानी इलाकों तक पहुंचेगा। हिमाचल प्रदेश में अगले 3 से 4 दिन में कोहरे और सर्दी में इजाफा होगा। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले गुरुवार और शुक्रवार को न्यूनतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है, जिससे सर्दी में काफी इजाफा होने की संभावना है। खासकर, ऊंचाई वाले स्थानों पर बर्फबारी होने का अनुमान है। ताबों में तापमान में माइनस 0.8 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है।
 









 
												



















 






 















