दुर्घटना
बारातियों से भरी बस गहरी खाई में गिरी, 13 लोगों की मौत, 34 लोग गंभीर रूप से घायल
सीएन, पिथौरागढ़/बैतड़ी। भारत-नेपाल सीमा से सटे झूलाघाट क्षेत्र के पार नेपाल के बैतड़ी जिले में गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। बारातियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर लगभग 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि 34 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। कई घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बस बैतड़ी जिले के पुरचुंणी नगरपालिका-7 भवने गांव से दुल्हन को लेकर बजांग जिले के सुनकुडा जा रही थी। रास्ते में पुरचुंणी के बड़गांव मोड़ पर बस संतुलन खो बैठी और गहरी खाई में गिर गई। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों, नेपाल सशस्त्र पुलिस बल (एपीएफ) और प्रहरी (नेपाल पुलिस) की टीम ने रात के अंधेरे में राहत व बचाव अभियान शुरू किया। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया।जिला प्रहरी कार्यालय बैतड़ी के प्रवक्ता निरीक्षक बलदेव बडू के अनुसार, 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। 5 घायलों ने डडेलधुरा अस्पताल में और 2 ने कोटिला अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। गंभीर रूप से घायलों को बेहतर इलाज के लिए धनगढ़ी रेफर किया गया है।

























































