दुर्घटना
पर्यटक वाहन खाई में गिरा, दो पर्यटकों की मौके पर मौत, दो गंभीर घायल
सीएन, नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल के निकट गेठिया पड़ाव में एक पर्यटक वाहन के खाई में गिरने से दो पर्यटकों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दो पर्यटक गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायलों को हायर सेंटर दे दिया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार की उत्तर प्रदेश के उन्नाव से आए 4 सैलानी अपने निजी वाहन यूपी 78 एचजे 4936 से जागेश्वर धाम को जा रहे थे, तभी उनकी कार सुबह 8:30 बजे गेठिया पड़ाव के समीप अनियंत्रित होकर 80 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। वाहन के खाई में गिरते ही मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। जिसकी सूचना गेठिया निवासी कविता गंगोला ने 112 पर दी। इसके बाद नैनीताल पुलिस, एसडीआरएफ व दमकल विभाग तथा लोगों की मदद से मौके पर पहुँचकर रेस्क्यू शुरू कर खाई से घायलों को बाहर निकालकर 108 की मदद से हायर सेंटर भेजा गया है। बताया जा रहा है कि वहां का स्टेरिंग फेल होने से हादसा हुआ। पुलिस ने हादसे की जानकारी परिजनों को दे दी गई है। पोस्टमार्टम के बाद शब परिजनों को सौंप दिया जाएगा। मृतक व घायल उन्नाव यूपी के रहने वाले है।






































