दुर्घटना
उत्तराखंड : दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की जिंदा जलकर मौत
सीएन, हरिद्वार। जनपद हरिद्वार के बहादराबाद थाना क्षेत्र के अलीपुर गांव में शुक्रवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की जिंदा जलकर मौत हो गई। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर के बाद बाइक में आग लग गई, जिससे उस पर सवार दोनों युवक आग की चपेट में आ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार अलीपुर निवासी राहुल (पुत्र रामवीर) और राजकमल (पुत्र राजेंद्र कुमार) एक ही बाइक पर सवार होकर अपने गांव लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि गांव से कुछ दूरी पहले ही किसी अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और उसमें तुरंत आग लग गई। आग की लपटों में घिरने और गंभीर चोटों के चलते दोनों युवक खुद को बचा नहीं सके और मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने किसी तरह जलती हुई बाइक से दोनों युवकों के शवों को अलग किया। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल बन गया है।सूचना मिलते ही बहादराबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया। थाना प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गये। पुलिस द्वारा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी वाहन और चालक की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी। घटना के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे अलीपुर गांव में मातम पसरा हुआ है।














































