क्राइम
हल्द्वानी सनसनीखेज डबल मर्डरकांड : युवती ओखलकांडा व युवक की अल्मोड़ा निवासी के रूप में हुई शिनाख्त
सीएन, हल्द्वानी। नवीन मंडी के गल्ला मंडी परिसर में हुए सनसनीखेज डबल मर्डर मामले में पुलिस ने बड़ी अपडेट दी है। मृत युवती की शिनाख्त ओखलकांडा ब्लॉक के मल्ली पोखरी निवासी कु. लक्ष्मी पुत्री हेम चंद्र पोखरिया के रूप में हुई है। वह एमबीपीजी कॉलेज, हल्द्वानी में बीएससी द्वितीय ईयर की छात्रा थी, वहीं युवक की पहचान खोलटा अल्मोड़ा निवासी शुभम टम्टा के रुप में हुई है। फिलहाल दोनों मृतक हल्दवानी निवास कर रहे थे। गुरुवार सुबह मंडी परिसर में युवक-युवती के शव बरामद हुए थे। प्रारंभिक जांच में दोनों की पत्थरों से सिर कुचलकर हत्या किए जाने की आशंका जताई गई थी। घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है। इस हृदयविदारक घटना पर स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने गहरा दुख जताया है। राज्य आंदोलनकारी हरीश पनेरु ने कहा कि ओखलकांडा क्षेत्र की एक बहन की हल्द्वानी मंडी इलाके में निर्मम हत्या अत्यंत निंदनीय है। उन्होंने पुलिस से मामले का शीघ्र खुलासा कर दोषियों को सख्त सजा दिलाने की मांग की। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की मांग की है। उनका कहना है कि ऐसी घटनाएं समाज को झकझोर देती हैं और कानून के प्रति विश्वास बनाए रखने के लिए दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाना चाहिए। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच तेज कर दी गई है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। हल्द्वानी में लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाओं के बीच यह डबल मर्डर केस नैनीताल पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। अब सभी की निगाहें पुलिस जांच और खुलासे पर टिकी हैं।























































