Connect with us

धर्मक्षेत्र

आज 25 नवंबर 2025 को अयोध्या राम मंदिर के सर्वोच्च शिखर पर होगा धर्म ध्वज का आरोहण

सीएन, अयोध्या। आज 25 नवंबर को राम विवाह पंंचमी का शुभ दिन है, अयोध्या में श्री राम के भव्य मंदिर में प्राण-प्रतिष्ठा के पावन आयोजन के बाद अब एक और महत्वपूर्ण क्षण आने वाला है, जिसका सभी भक्तों को बेसब्री से इंतजार है। 25 नवंबर 2025 को मंदिर के सर्वोच्च शिखर पर धर्म ध्वज का आरोहण किया जाएगा। राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अनुसार यह ध्वजारोहण विवाह पंचमी के शुभ दिन संपन्न होगा। मंदिर पर ध्वज लगाना सनातन परंपरा में अत्यंत पवित्र कार्य माना गया है। शिखर पर लगा ध्वज भगवान की उपस्थिति का संकेत देता है और दूर से ही भक्तों को यह संदेश देता है कि यह स्थान दिव्यता से भरपूर है। मान्यता है कि मंदिर का शिखर, उस जगह का सबसे ऊंचा बिंदु होता है, जहां से ब्रह्मांडीय ऊर्जा सबसे पहले प्रवेश करती है। ध्वज इस दिव्य शक्ति और गर्भगृह में मौजूद ईश्वर की ऊर्जा के बीच एक माध्यम की तरह कार्य करता है। यही कारण है कि शिखर पर लगा ध्वज लगातार लहराते हुए पूरे परिसर में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है। किसी भी मंदिर पर ध्वज फहरना यह दर्शाता है कि उसका निर्माण अब पूर्ण हो चुका है और वह आध्यात्मिक रूप से सक्रिय माना गया है। राम मंदिर पर धर्म ध्वज का आरोहण इस महान निर्माण यात्रा के पूर्ण होने की घोषणा होगी, जो करोड़ों लोगों की वर्षों पुरानी प्रतीक्षा का अंत और उनके विश्वास का सम्मान भी है। राम मंदिर के शिखर पर लहराता केसरिया ध्वज उन संघर्षों, बलिदानों और भक्तों की अविचल श्रद्धा का प्रतीक बनेगा, जो पीढ़ियों तक चली। यह क्षण धर्म, सत्य और सांस्कृतिक गौरव की विजय का प्रतीक होगा। यह ध्वज भावनाओं और आस्था का स्वरूप बनकर शिखर पर स्थापित होगा। राम मंदिर के लिए विशेष रूप से तैयार किया गया ध्वज केसरिया रंग का होगा, जिसे हिंदू धर्म में त्याग, तप और ऊर्जा का प्रतीक माना जाता है। इस पर सूर्य देव का चिन्ह अंकित रहेगा, क्योंकि भगवान श्री राम सूर्यवंश से हैं और सूर्य शक्ति, तेज और समृद्धि का प्रतीक माना जाता है। मंदिर के शिखर पर ध्वज लगाने की परंपरा अत्यंत प्राचीन और शास्त्रों में वर्णित है। कहा गया है कि ध्वज देवता की महिमा और प्रतिष्ठा को दर्शाता है। यह मंदिर की ऊंचाई के साथ भक्तिभाव की ऊंचाई भी प्रकट करता है। ध्वज लहरने से पूरे मंदिर परिसर में दिव्य ऊर्जा फैलती है। 

More in धर्मक्षेत्र

Trending News

Follow Facebook Page

About

आज के दौर में प्रौद्योगिकी का समाज और राष्ट्र के हित सदुपयोग सुनिश्चित करना भी चुनौती बन रहा है। ‘फेक न्यूज’ को हथियार बनाकर विरोधियों की इज्ज़त, सामाजिक प्रतिष्ठा को धूमिल करने के प्रयास भी हो रहे हैं। कंटेंट और फोटो-वीडियो को दुराग्रह से एडिट कर बल्क में प्रसारित कर दिए जाते हैं। हैकर्स बैंक एकाउंट और सोशल एकाउंट में सेंध लगा रहे हैं। चंद्रेक न्यूज़ इस संकल्प के साथ सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर दो वर्ष पूर्व उतरा है कि बिना किसी दुराग्रह के लोगों तक सटीक जानकारी और समाचार आदि संप्रेषित किए जाएं।समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी को समझते हुए हम उद्देश्य की ओर आगे बढ़ सकें, इसके लिए आपका प्रोत्साहन हमें और शक्ति प्रदान करेगा।

संपादक

Chandrek Bisht (Editor - Chandrek News)

संपादक: चन्द्रेक बिष्ट
बिष्ट कालोनी भूमियाधार, नैनीताल
फोन: +91 98378 06750
फोन: +91 97600 84374
ईमेल: [email protected]

BREAKING