राजनीति
राजकुमार ठुकराल व पूर्व विधायक नारायण पाल सहित उत्तराखंड के 6 नेताओं ने आज किया कांग्रेस में प्रवेश
सीएन, दिल्ली/देहरादून। रुद्रपुर से पूर्व भाजपा विधायक राजकुमार ठुकराल व सितारगंज के पूर्व विधायक नारायण पाल सहित उत्तराखंड के 6 नेताओं ने आज कांग्रेस मुख्यालय में पार्टी की उत्तराखंड प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य एवं उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में कांग्रेस का ‘हाथ’ थाम लिया। कांग्रेस का हाथ थामने वालों में पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल, पूर्व विधायक नारायण पाल, घनसाली के पूर्व विधायक भीमलाल आर्य, रुड़की के पूर्व मेयर गौरव गोयल, मसूरी के पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अनुज गुप्ता एवं रामगढ़ के पूर्व ब्लॉक प्रमुख लाखन सिंह नेगी शामिल हैं।
इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि उत्तराखंड में बीजेपी सरकार को लेकर लोगों के मन में काफी गुस्सा है। राज्य में भ्रष्टाचार का बोलबाला है। बीते वर्षों में कई ऐसे कांड सामने आए, जिसका पर्दाफाश कांग्रेस पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने समय-समय पर किया। बीते दिनों हमारे साथियों ने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया, जिसमें हमें आम जनता का भी साथ मिला। बीजेपी सरकार पूरी तरह से बैकफुट पर है। मुख्यमंत्री पुष्कर धामी की छवि चमकाने की बहुत कोशिश की गई, लेकिन उनकी असली इमेज जनता के सामने आ चुकी है। राज्य के लोगों के मन में कांग्रेस पार्टी के प्रति विश्वास बढ़ रहा है और आने वाले समय में इसके अच्छे परिणाम सामने आएंगे। इस दौरान कांग्रेस विधायक प्रीतम सिंह, काजी निजामुद्दीन, तिलक राज बेहड़, पूर्व अध्यक्ष करन मेहरा, डाॅ हरक सिंह रावत समेत पार्टी के तमाम नेता मौजूद थे।










































