Connect with us

राजनीति

लोकसभा चुनाव : वरुण और मेनका गांधी दोनों को टिकट नहीं देगी भाजपा

लोकसभा चुनाव: वरुण और मेनका गांधी दोनों को टिकट नहीं देगी भाजपा
सीएन, नईदिल्ली।
लोकसभा चुनाव में मेनका गांधी और वरुण गांधी का टिकट कट सकता है। भाजपा ने सुल्तानपुर और पीलीभीत में नए चेहरों की तलाश शुरू कर दी है। लोकसभा चुनाव को लेकर भाजपा की ओर से सर्वे कराया जा रहा है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक सर्वे रिपोर्ट में सामने आया है कि सुल्तानपुर के भाजपा कार्यकर्ता स्थानीय सांसद मेनका गांधी से खफा हैं। मेनका गांधी की संसदीय क्षेत्र में मौजूदगी कम रहती है इसको लेकर भी जनता ने नाराजगी जताई है। संगठनात्मक कार्यक्रमों भी मेनका अधिकांश समय अनुपस्थित रहती है। वहीं सर्वे रिपोर्ट पीलीभीत के भाजपा सांसद वरुण गांधी के खिलाफ है। भाजपा का स्थानीय संगठन भी पूरी तरह सांसद के विरोध में हैं। वरुण की बयानबाजी के बाद पार्टी नेतृत्व ने भी इस बार पीलीभीत में प्रत्याशी बदलने का मन बना लिया है। पार्टी वहां से प्रदेश सरकार में कुर्मी समाज के एक राज्यमंत्री को चुनाव लड़ाने की तैयारी कर रही है। पीलीभीत से भाजपा सांसद वरुण गांधी बीते तीन वर्ष से भाजपा से दूरी बनाए हैं। वरुण गांधी न तो विधानसभा चुनाव में पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में चुनाव प्रचार करने आए। न ही किसी संगठनात्मक कार्यक्रम में शामिल होते हैं। वरुण अक्सर केंद्र सरकार के निर्णयों और प्रदेश की व्यवस्था के खिलाफ मुखर भी होते हैं। भाजपा के उच्चपदस्थ पदाधिकारी ने बताया कि मेनका गांधी और वरुण गांधी केंद्र सरकार में मंत्री नहीं बनाए जाने से नाराज हैं। उल्लेखनीय है कि मेनका गांधी मोदी सरकार 1.0 में कैबिनेट मंत्री थी। वरुण गांधी किसानों के प्रदर्शन को लेकर कई बार अपना असंतोष ज़ाहिर कर चुके हैं और राष्ट्रीय कार्यकारिणी की घोषणा के एक दिन पहले भी उन्होंने लखीमपुर खीरी की घटना के संदर्भ में सरकार की मंशा पर सवाल उठाए थे। केवल वरुण गांधी और मेनका गांधी को ही नहीं बल्कि सुब्रमण्यम स्वामी, विनय कटियार जैसे कई ऐसे बड़े नेताओं को भी राष्ट्रीय कार्यकारिणी से बाहर रखा गया है। सुब्रमण्यम स्वामी ने तो इस घोषणा के बाद अपने ट्विटर.बायो से पार्टी का नाम भी हटा दिया है। पार्टी ने राष्ट्रीय कार्यकारिणी में कई नए चेहरों को समिति में शामिल किया है। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से ठीक पहले पार्टी में शामिल हुए अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती को पार्टी ने राष्ट्रीय कार्यकारिणी में जगह दी है। इसके अलावा दिनेश त्रिवेदी, ज्योतिरादित्य सिंधिया, विजय बहुगुणा और सतपाल महाराज को भी पार्टी ने राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य के तौर पर चुना है।

More in राजनीति

Trending News

Follow Facebook Page

About

आज के दौर में प्रौद्योगिकी का समाज और राष्ट्र के हित सदुपयोग सुनिश्चित करना भी चुनौती बन रहा है। ‘फेक न्यूज’ को हथियार बनाकर विरोधियों की इज्ज़त, सामाजिक प्रतिष्ठा को धूमिल करने के प्रयास भी हो रहे हैं। कंटेंट और फोटो-वीडियो को दुराग्रह से एडिट कर बल्क में प्रसारित कर दिए जाते हैं। हैकर्स बैंक एकाउंट और सोशल एकाउंट में सेंध लगा रहे हैं। चंद्रेक न्यूज़ इस संकल्प के साथ सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर दो वर्ष पूर्व उतरा है कि बिना किसी दुराग्रह के लोगों तक सटीक जानकारी और समाचार आदि संप्रेषित किए जाएं।समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी को समझते हुए हम उद्देश्य की ओर आगे बढ़ सकें, इसके लिए आपका प्रोत्साहन हमें और शक्ति प्रदान करेगा।

संपादक

Chandrek Bisht (Editor - Chandrek News)

संपादक: चन्द्रेक बिष्ट
बिष्ट कालोनी भूमियाधार, नैनीताल
फोन: +91 98378 06750
फोन: +91 97600 84374
ईमेल: [email protected]

BREAKING