राजनीति
मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल के बयान पर राज्य भर के कांग्रेसियों में आक्रोश, विरोध प्रदर्शन करते हुए पुतलों को आग के हवाले किया
सीएन, अल्मोड़ा। उत्तराखंड सरकार के वित्त मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल के बयान पर राज्य भर के कांग्रेसियों में आक्रोश है। आज अल्मोड़ा सहित विभिन्न जिलों में कांग्रेसियों ने प्रेमचंद अग्रवाल के पुतले की शवयात्रा निकाली। उसके बाद विरोध प्रदर्शन करते हुए पुतलों को आग के हवाले किया।मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल के क्षेत्रवाद के बयान पर आज समूचे उत्तराखंड में आक्रोश है। सोशल मीडिया में ये मामला काफी गरमाया हुआ है। मंत्री के बयान से पूरे राज्य में कांग्रेसियों में भी उबाल है। अल्मोड़ा में कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने जीआईसी से चौघानपाटा तक वित्त मंत्री प्रेम चंद्र अग्रवाल की सांकेतिक शवयात्रा निकाल कर चौघानपाटा पर आकर पुतला दहन किया। कांग्रेस जिला अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज ने कहा कि उत्तराखंड के पहाड़ियों को साले पहाड़ी कहकर उत्तराखंड के वित्त मंत्री ने अपना मानसिक संतुलन खो जाने के संकेत दिए हैं। कहा कि उत्तराखंड राज्य निर्माण में पहाड़ के लोगों का योगदान कोई नहीं भूल सकता है। पहाड़ के लोगों को गाली देना राज्य के तमाम आंदोलनकारियों का अपमान है। कहा कि पहाड़ के लोग इस अपमान का बदला जरूर लेंगे। इधर, लमगड़ा में भी कांग्रेसियों ने प्रेमचंद अग्रवाल के पुतले की शवयात्रा निकालकर आक्रोश जताया। इसके अलावा देहरादून समेत अन्य जिलों में भी मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल के पुतले दहन किए गए।.अल्मोड़ा में मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल के पुतले की शवयात्रा निकाली गई कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेंद्र भोज ने वित्त मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल को खुली चुनौती देते हुए कहा कि यदि उनमें हिम्मत है तो वह पहाड़ आकर दिखाएं। कहा कि कांग्रेस पार्टी उन्हें अल्मोड़ा जिले की सीमाओं में घुसने नहीं देगी। ये भी कहा कि ऐसे पहाड़विरोधी नेताओं के लिए उत्तराखंड में कोई जगह नहीं होनी चाहिए। कहा कि मुख्यमंत्री को अपने इस पहाड़ विरोधी मंत्री का तुरंत इस्तीफा लेना चाहिए। इस मौके पर नगर अध्यक्ष कांग्रेस तारा चंद्र जोशी, महिला जिला अध्यक्ष राधा बिष्ट, प्रदेश सेवा दल महिला अध्यक्ष शोभा जोशी, पूर्व नगर अध्यक्ष पूरन रौतेला, युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष दीपक कुमार, एनएसयूआई जिला अध्यक्ष संजू सिंह, युवा कांग्रेस नगर अध्यक्ष जगदीश तिवारी, सोमेश्वर ब्लॉक अध्यक्ष कुंदन भंडारी, सैनिक प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष राजू भट्ट, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष पंकज कार्की, दीप सिंह डांगी आदि शामिल रहे।
