जन मुद्दे
कालाढूंगी लैंडस्लाइड जोन की मरम्मत के लिए लोनिवि ने मांगे 25 लाख
कालाढूंगी लैंडस्लाइड जोन की मरम्मत के लिए लोनिवि ने मांगे 25 लाख
सीएन, नैनीताल। कालाढूंगी-नैनीताल मार्ग में बरसात के कारण लगातार मलबा व पत्थर गिर रहे हैं। कई जगह हफ्ते भर से गिरा मलबा विभाग द्वारा अब तक नहीं उठाया गया है। जिसके चलते आवाजाही कर रहे लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं विभागीय अधिकारियों का कहना है कि भूस्खलन प्रभावित स्थानों की मरम्मत के लिए राज्य आपदा न्यूनीकरण मद से बजट की मांग की गई है। नैनीताल कालाढूंगी रोड में बीते वर्ष बरसात में कालाढूंगी रोड में कई जगह पहाड़ियों में भूस्खलन हुआ था। जिसके चलते यातायात प्रभावित हुआ था। वहीं कई बार पहाड़ियों से पत्थर गिरने से कई वाहन क्षतिग्रस्त हुए थे। इधर बरसात के दौरान भी कई जगह पहाड़ियों से मलबा गिरना शुरू हो गया है और आवाजाही करने वालों के लिए खतरा बना हुआ है। वहीं विभाग द्वारा भूस्खलन क्षेत्रों में सावधानी के लिए कोई बोर्ड या बैनर नहीं लगाए गए हैं। जिसके चलते पर्यटक भूस्खलन क्षेत्रों में बैठकर पिकनिक मनाते भी नजर आ रहे हैं। इधर सड़क किनारे एक सप्ताह से पड़ा मलबा भी विभाग नहीं हटा पाया है। इधर मामले में लोनिवि के सहायक अभियंता जीएस जनौटी से बताया कि भूस्खलन स्थानों की मरम्मत के लिए विभाग ने राज्य आपद न्यूनीकरण मद से 25 लाख धनराशि की मांग की है। बजट मिलने के बाद सड़क से मलबा व भूष्खलित क्षेत्रों की मरम्मत की जा सकेगी। बताया कि बारिश के दौरान भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में टीम व जेसीबी तैनात की जा रही है।
