Connect with us

उत्तराखण्ड

उत्तराखंड में हेरिटेज एविएशन द्वारा संचालित नई हवाई सेवाओं का शुभारंभ, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दिखाई हरी झंडी

सीएन, नैनीताल।: उत्तराखंड में क्षेत्रीय हवाई संपर्क को और सशक्त बनाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को हेरिटेज एविएशन द्वारा संचालित तीन नई हवाई सेवाओं का वर्चुअल माध्यम से शुभारंभ किया। इन सेवाओं के अंतर्गत देहरादून एयरपोर्ट से नौकुचियाताल हेलीपैड नैनीताल, हल्द्वानी हेलीपोर्ट से गरुड़ हेलीपैड बागेश्वर और देहरादून एयरपोर्ट से गरुड़ हेलीपैड बागेश्वर के बीच हेलिकॉप्टर सेवा शुरू की गई है। इन सेवाओं के शुरू होने से राज्य के पर्यटन, व्यापार और आपातकालीन सेवाओं को नई गति मिलेगी। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री माननीय श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि, “उत्तराखंड में हवाई सेवाओं के विस्तार से राज्य के दुर्गम क्षेत्रों में कनेक्टिविटी बेहतर होगी। इन सेवाओं से स्थानीय लोगों के जीवन में एक बड़ा सकारात्मक बदलाव आएगा, स्थानीय लोगों के साथ ही पर्यटकों को एक जगह से दूसरे जगह जाने में आसानी होगी तथा समय की बचत होगी। आपातकाल में यह सेवाएँ बेहतर विकल्प होंगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शुरू की गई उड़ान (UDAN) योजना के तहत राज्य के कई क्षेत्रों को हवाई मार्ग से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है। यहाँ की प्राकृतिक सुंदरता, ऐतिहासिक मंदिर और समृद्ध संस्कृति देश और दुनिया के लोगों को आकर्षित करती हैं, यह नई हवाई सेवाएं पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।“  उन्होनें क्षेत्रवासियों और प्रदेशवासियों को इस नए हेली सेवा के शुरुआत पर बधाई दी।“  इन नई हवाई सेवाओं के तहत अब देहरादून से नौकुचियाताल की यात्रा मात्र 50 मिनट में पूरी की जा सकेगी। वहीं हल्द्वानी से गरुड़ हेलीपैड बागेश्वर और देहरादून से गरुड़ हेलीपैड बागेश्वर की यात्रा भी बेहद कम समय में संपन्न होगी। यह सेवा न केवल स्थानीय निवासियों के लिए उपयोगी होगी, बल्कि पर्यटकों को भी पहाड़ी क्षेत्रों की यात्रा के लिए तेज और सुविधाजनक विकल्प प्रदान करेगी। हेरिटेज एविएशन द्वारा संचालित यह सेवा 7-सीटर हेलिकॉप्टर के माध्यम से संचालित की जाएगी। इससे अधिकतम यात्रियों को कम समय में उनके गंतव्य तक पहुंचाने में मदद मिलेगी। इसके साथ ही आपातकालीन और आपदा प्रबंधन कार्यों के लिए भी यह सेवा अत्यंत लाभकारी साबित होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि हवाई सेवाओं के माध्यम से राज्य के दुर्गम क्षेत्रों को मुख्यधारा से जोड़ा जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह नई हवाई सेवाएं राज्य के लिए मील का पत्थर साबित होंगी। इससे ना केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय लोगों को भी यात्रा में आसानी होगी। राज्य सरकार उड़ान योजना के तहत 18 हेलीपोर्ट का निर्माण कर रही है, जिनमें से 12 पर पहले ही सफलतापूर्वक सेवाएं संचालित हो रही हैं। इन नई सेवाओं के शुरू होने से राज्य में यात्रा और परिवहन के नए आयाम खुलेंगे। हेरिटेज एविएशन के फाउंडर और सीईओ रोहित माथुर ने इस अवसर पर कहा कि, “हम उत्तराखंड के लोगों को तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक हवाई यात्रा प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। यह पहल न केवल राज्य के पर्यटन को गति देगी, बल्कि स्थानीय लोगों और व्यापारिक यात्रियों को भी लाभान्वित करेगी। हमारा उद्देश्य है कि अधिक से अधिक लोगों को हवाई यात्रा की सुविधा मिले और राज्य के दुर्गम क्षेत्रों तक कनेक्टिविटी सुनिश्चित हो। आने वाले समय में हम और अधिक रूट्स पर अपनी सेवाएं शुरू करने के लिए तत्पर हैं।”  इस नई सेवा के तहत प्रत्येक रूट पर नियमित रोज़ाना दो उड़ानें संचालित की जाएंगी। सुबह के समय देहरादून एयरपोर्ट से नौकुचियाताल हेलीपैड नैनीताल के लिए पहली उड़ान (4H401) सुबह 08:15 बजे रवाना होगी, जबकि वापसी की उड़ान (4H402) नौकुचियाताल हेलीपैड नैनीताल से देहरादून एयरपोर्ट के लिए सुबह 09:10 बजे निर्धारित की गई है।  इसी तरह, हल्द्वानी हेलीपोर्ट से गरुड़ हेलीपैड बागेश्वर के लिए उड़ान (4H518) सुबह 08:30 बजे चलेगी और गरुड़ हेलीपैड बागेश्वर से हल्द्वानी हेलीपोर्ट लौटने के लिए उड़ान (4H517) सुबह 09:00 बजे उपलब्ध होगी।  इसके अलावा, देहरादून एयरपोर्ट से गरुड़ हेलीपैड बागेश्वर के लिए एक और उड़ान (4H403) सुबह 10:20 बजे प्रस्थान करेगी, जबकि गरुड़ हेलीपैड बागेश्वर से देहरादून एयरपोर्ट वापसी की उड़ान (4H404) सुबह 11:10 बजे रवाना होगी।दोपहर के समय भी यात्रियों के लिए हेलिकॉप्टर सेवा उपलब्ध रहेगी। दोपहर 12:30 बजे देहरादून एयरपोर्ट से गरुड़ हेलीपैड बागेश्वर के लिए उड़ान (4H405) प्रस्थान करेगी, जबकि गरुड़ हेलीपैड बागेश्वर से देहरादून एयरपोर्ट के लिए वापसी की उड़ान (4H406) दोपहर 13:20 बजे रवाना होगी।  इसके अलावा, हल्द्वानी हेलीपोर्ट से गरुड़ हेलीपैड बागेश्वर के लिए एक और उड़ान (4H519) दोपहर 14:45 बजे प्रस्थान करेगी और वापसी की उड़ान (4H520) गरुड़ हेलीपैड बागेश्वर से हल्द्वानी हेलीपोर्ट के लिए दोपहर 15:00 बजे रवाना होगी।  इसी क्रम में, देहरादून एयरपोर्ट से नौकुचियाताल हेलीपैड नैनीताल के लिए दोपहर 14:25 बजे उड़ान (4H407) उपलब्ध होगी और नौकुचियाताल हेलीपैड नैनीताल से देहरादून एयरपोर्ट लौटने के लिए दोपहर 15:20 बजे उड़ान (4H408) संचालित होगी। यात्री इन उड़ानों की बुकिंग www.airheritage.in पर ऑनलाइन कर सकते हैं या अधिक जानकारी के लिए 88510-72020 पर संपर्क कर सकते हैं। हेरिटेज एविएशन भारत की एकमात्र निजी हेलीकॉप्टर कंपनी है जो उड़ान योजना के तहत दैनिक हेलीकॉप्टर सेवाएं संचालित कर रही है। यह पहले से ही हल्द्वानी से चंपावत, पिथौरागढ़ और मुनस्यारी के लिए दैनिक उड़ानें संचालित कर रही है। भविष्य में हेरिटेज एविएशन देहरादून से टिहरी, श्रीनगर और गौचर के लिए भी दैनिक उड़ानें शुरू करेगा। कंपनी का लक्ष्य उड़ान योजना के तहत उत्तराखंड के सभी बड़े और छोटे शहरों और कस्बों को जोड़ना है। उत्तराखंड सरकार के इस कदम से प्रदेश के पर्यटन उद्योग, स्थानीय व्यवसाय और आपातकालीन सेवाओं को नई दिशा मिलेगी। आने वाले समय में यह सेवाएं राज्य के विकास में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

More in उत्तराखण्ड

Trending News

Follow Facebook Page

About

आज के दौर में प्रौद्योगिकी का समाज और राष्ट्र के हित सदुपयोग सुनिश्चित करना भी चुनौती बन रहा है। ‘फेक न्यूज’ को हथियार बनाकर विरोधियों की इज्ज़त, सामाजिक प्रतिष्ठा को धूमिल करने के प्रयास भी हो रहे हैं। कंटेंट और फोटो-वीडियो को दुराग्रह से एडिट कर बल्क में प्रसारित कर दिए जाते हैं। हैकर्स बैंक एकाउंट और सोशल एकाउंट में सेंध लगा रहे हैं। चंद्रेक न्यूज़ इस संकल्प के साथ सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर दो वर्ष पूर्व उतरा है कि बिना किसी दुराग्रह के लोगों तक सटीक जानकारी और समाचार आदि संप्रेषित किए जाएं।समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी को समझते हुए हम उद्देश्य की ओर आगे बढ़ सकें, इसके लिए आपका प्रोत्साहन हमें और शक्ति प्रदान करेगा।

संपादक

Chandrek Bisht (Editor - Chandrek News)

संपादक: चन्द्रेक बिष्ट
बिष्ट कालोनी भूमियाधार, नैनीताल
फोन: +91 98378 06750
फोन: +91 97600 84374
ईमेल: [email protected]

BREAKING