उत्तराखण्ड
उत्तराखंड पंचायती चुनाव में कांग्रेस की दमदार वापसी, भाजपा को महत्वपूर्ण सीटों पर झटका, अब अध्यक्ष व प्रमुख बनाने की कवायद तेज
चंद्रेक बिष्ट, नैनीताल। उत्तराखंड में पंचायत चुनाव के अधिकांश रिजल्ट जारी हो गये हैं। गुरुवार सुबह 8 बजे से मतों की गिनती की प्रक्रिया शुरू कर दी गई थी। प्रदेश के 12 जिलों में हुए पंचायत चुनाव के परिणाम के साथ ही एक बड़ी तस्वीर उभर कर सामने आ रही है। इस बार ग्रामीण मतदाता सत्ता व भाजपा जनप्रतिनिधियों से ज्यादा खुश नही था। लिहाजा महत्वपूर्ण स्थानों में भाजपा के दिग्गजों को मुंह की खानी पड़ी है। कई स्थानों में विधायकों के खास लोग चारों खाने चित्त हो गये। दरअसल, उत्तराखंड पंचायत चुनाव दलीय आधार पर नहीं हुए हैं। हालांकि, तमाम राजनीतिक दलों ने समर्थित उम्मीदवारों को चुनावी मैदान में उतारा था। इस लिहाज से दावा किया जा रहा है कि पंचायती राज व्यवस्था में कांग्रेस दमदार वापसी करती दिख रही है। वहीं, भारतीय जनता पार्टी को कई अहम सीटों पर पीछे रहना पड़ा है। देहरादून की हाट सीट पर मधु चौहान व नैनीताल की पनियाली सीट से बेला टोलिया की सीट के अलाव नैनीताल, टिहरी, ओखलकांडा, बेतालघाट, धारी, चमोली की कई सीटों को भाजपा के दिग्गज भी नही बचा सके। उत्तराखंड में भाजपा के विधायकों को कई सीटों पर मुह की खानी पड़ी है। उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 से पहले पंचायत चुनाव को सत्ता का सेमीफाइनल माना जा रहा है। ऐसे में तमाम राजनीतिक दलों ने ग्रामीण सरकार की सत्ता पर काबिज होकर निचले स्तर पर अपनी जड़ों को मजबूत बनाने की रणनीति तैयार की। कांग्रेस की ओर से भी काफी प्रयास किए गए। दरअसल, पिछले दो विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की स्थिति काफी खराब रही है। भारतीय जनता पार्टी ने 2017 के बाद वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में भी लगभग दो तिहाई बहुमत के साथ दूसरी बार सत्ता में वापसी की। पार्टी ने शहरी से लेकर ग्रामीण स्तर पर अपनी जड़ों को मजबूत किया है। हालांकि, उत्तराखंड पंचायत चुनाव 2025 के परिणाम अलग संकेत देते दिख रहे हैं। इस बार भाजपा व कांग्रेस से.बागी हुए लोगों ने भी चुनाव जीता है, जो गांवों की सरकार बनाने में महत्वपूर्ण साबित होंगे। 12 जिलों में 358 जिला पंचायत सदस्य, 2974 क्षेत्र पंचायत सदस्य और 7499 प्रधान ग्राम पंचायत के पदों पर 24 और 28 जुलाई को हुई वोटिंग के परिणाम अलग संदेश दे रहे हैं। हालांकि अब दोनों दलो की ओर से जिला पंचायतों के अध्यक्ष व ब्लॉक प्रमुखों की कुर्सी के लिए जोड़ तोड़ तेज कर दी गई है। राजनैतिक विश्लेषकों का मानना है कि भाजपा की सत्ता होने का फायदा वह उठा सकती है। कुल मिला कर इस बार इन चुनावों में ग्रामीण मतदाताओं ने कई स्थानों में भाजपा के विधायकों व सत्ता के खिलाफ मतदान किया। खास बात यह रही कि युवा मतदाता सत्ता के खिलाफ खड़े दिखे, यह भाजपा के लिए सुखद संकेत नही है। हालांकि अब भी गांवों की सरकार बनाने में भाजपा को पूरा भरोशा है। लेकिन नतीजों से कांग्रेस को भी संजीवनी मिलीं है। गांवों की सरकार बनाने में वह भी अंतिम समय तक कोई कोरकसर नही छोड़ेगी।
