Connect with us

उत्तराखण्ड

पलायन की मार : अंतिम संस्कार के लिए घाट तक ले जाने के लिए कंधे तक नहीं मिले

सीएन, रुद्रप्रयाग। कभी जिन घरों से हंसी ठिठोली की आवाजें आती थीं आज उन्हीं घरों में मौत होने के बाद शव उठाने के लिए चार कंधे नहीं मिल रहे हैं। कांडई का ल्वेगढ़ गांव आज पलायन की मार झेल रहा है। गांव में दो दिन पहले जब एक वृद्धा की मौत हुई तो उसके अंतिम संस्कार के लिए घाट तक ले जाने के लिए कंधे तक नहीं मिले। नजदीकी गांवों को जब इसकी सूचना मिली वहां से ग्रामीण गांव पहुंचे तब जाकर दूसरे दिन वृद्धा का अंतिम संस्कार हुआ। जिले के कांडई ग्राम पंचायत का ल्वेगढ़ गांव मूलभूत सुविधाएं न होने से पलायन के कारण खाली हो गया है। कभी 15-16 परिवारों वाले इस गांव में वर्तमान में महज तीन महिलाएं और एक पुरुष ही रह गए हैं। कांडई के ग्राम प्रधान संजय पांडे और पास की ग्राम पंचायत सुनाऊं के प्रधान पुष्कर सिंह बिष्ट ने बताया कि दो दिन पहले बृहस्पतिवार को यहां एक वृद्धा सीता देवी (90) की मृत्यु हो गई। मृतक का बेटा मानसिक रूप से अस्वस्थ है। ऐसे में महिला की अंतिम संस्कार उस दिन नहीं हो पाया। गांव में अन्य कोई पुरुष नहीं था जो शव को घाट तक ले जा सके। जब दूसरे गांवों के लोगों को इसकी सूचना मिली तो कलेथ, पांढरा मड़गांव, मलछोड़ा, सहित आसपास के गांवों के ग्रामीण ल्वेगढ़ पहुंचे। तब जाकर दूसरे दिन शव पैतृक घाट ले जाया गया और अंतिम संस्कार किया गया। अब गांव में तीन लोग ही रह गए हैं। ल्वेगढ़ गांव तक पहुंचने के रास्ते भी खराब हैं। गांव आज तक सड़क से नहीं जुड़ पाई है। साथ ही पेयजल की समस्या भी बनी है। ग्रामीणों ने बताया कि गांव के रास्ते बदहाल और खतरनाक हैं। स्कूल भी दो से चार किमी दूर है। स्वास्थ्य सेवा भी नहीं है। प्रधान संजय पांडे ने बताया कि अभी कार्यकाल शुरू हो रहा है। इन सभी रास्तों को सुधारा जाएगा। पेयजल की वैकल्पिक व्यवस्था ल्वेगढ़ में की गई है। जल्द ही स्थायी व्यवस्था कर दी जाएगी। संवाद
रुद्रप्रयाग जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत ने कहा कि ल्वेगढ़ गांव का मामला संज्ञान में आया है। यहां के रास्तों को ठीक करने और पुल का निर्माण करने के लिए जिला योजना सहित अन्य मदों में प्रस्ताव तैयार किए जाएंगे। रुद्रप्रयाग के विधायक भरत सिंह चौधरी ने कहा कि मरछोला तक सड़क स्वीकृत है। जल्द इसका निर्माण किया जाएगा। मरछोला तक सड़क बनने से ल्वेगढ़ की पैदल दूरी भी कम हो जाएगी। साथ ही ल्वेगढ़ गांव को सड़क से जोड़ने के लिए जो भी आवश्यक प्रयास होगा किया जाएगा। ( साभार अमर उजाला)

More in उत्तराखण्ड

Trending News

Follow Facebook Page

About

आज के दौर में प्रौद्योगिकी का समाज और राष्ट्र के हित सदुपयोग सुनिश्चित करना भी चुनौती बन रहा है। ‘फेक न्यूज’ को हथियार बनाकर विरोधियों की इज्ज़त, सामाजिक प्रतिष्ठा को धूमिल करने के प्रयास भी हो रहे हैं। कंटेंट और फोटो-वीडियो को दुराग्रह से एडिट कर बल्क में प्रसारित कर दिए जाते हैं। हैकर्स बैंक एकाउंट और सोशल एकाउंट में सेंध लगा रहे हैं। चंद्रेक न्यूज़ इस संकल्प के साथ सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर दो वर्ष पूर्व उतरा है कि बिना किसी दुराग्रह के लोगों तक सटीक जानकारी और समाचार आदि संप्रेषित किए जाएं।समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी को समझते हुए हम उद्देश्य की ओर आगे बढ़ सकें, इसके लिए आपका प्रोत्साहन हमें और शक्ति प्रदान करेगा।

संपादक

Chandrek Bisht (Editor - Chandrek News)

संपादक: चन्द्रेक बिष्ट
बिष्ट कालोनी भूमियाधार, नैनीताल
फोन: +91 98378 06750
फोन: +91 97600 84374
ईमेल: [email protected]

BREAKING