Connect with us

उत्तर प्रदेश

प्रेमिका ने की आत्महत्या तो प्रेमी ने शव से ही शादी कर ली, मांग भरी, सुहागिन के तौर पर दी अश्रुपूरित, निस्तेज अंतिम विदाई

प्रेमिका ने की आत्महत्या तो प्रेमी ने शव से ही शादी कर ली, मांग भरी, सुहागिन के तौर पर दी अश्रुपूरित, निस्तेज अंतिम विदाई
सीएन, लखनउ।
यह तो प्रेम की पराकाष्ठा ही थी कि जब प्रेमिका ने आत्महत्या कर ली तो प्रेमी ने शव से ही शादी कर ली, मृत शरीर की मांग भरी, सुहागिन के तौर पर अंतिम अश्रुपूरित, निस्तेज विदाई दी। इस जनम में तो नहीं अगले जन्म में फिर मिलने की आस लगाए प्रेमी ने इस जनम की प्रेयसी को अंतिम विदाई दी। जिसने भी यह दृश्य देखा उसकी आंखें डबडबा आई। मामला यूपी के महाराजगंज जिले का है। दरअसल प्रेमिका ने कुछ दिन पहले किसी बात को लेकर आत्महत्या कर ली थी। दोनों जल्द शादी करने वाले थे। लेकिन प्रेमिका ने उससे पहले ही जान दे दी। यह दुख शख़्स सह नहीं पाया। लेकिन उसने प्रेमिका को अपनी सुहागिन के तौर पर अंतिम विदाई दी। आंसुओं के सैलाब में बहते हुए उसकी मांग भरी। सुहागिन के रूप उसे मुखाग्नि देकर अंतिम विदाई भी दी। यह दृश्य देखकर आसपास के लोग भी अपने आंसू नहीं रोक पाए। उनकी भी आंखें डबडबा आई। उत्तर प्रदेश के महाराजगंज जिले में रहने वाला युवक एक दुकानदार है। जिस मकान में उसकी दुकान थी उसके मकान मालिक की बेटी से उसका प्रेम प्रसंग था। दोनों एक.दूसरे से शादी करना चाहते थे। बात आगे बढ़ी और घरवालों तक पहुंची। पहले तो घरवाले शादी के लिए तैयार नहीं थे। लेकिन बाद में घरवालों को दोनों की ज़िद के सामने झुकना पड़ा। वे शादी के लिए राज़ी हो गए। लेकिन अचानक एक दिन युवती ने आत्महत्या कर ली। ख़ुदकुशी की वजह फिलहाल सामने नहीं आई है। लेकिन इस बीच प्रेमी का अपनी प्रेमिका रहने और घर बसाने का सपना टूट गया। प्रेमिका की मौत की ख़बर सुनकर वह बदहवास हालत में उसके घर पहुंचा। यहां पहुंचकर उसने प्रेमिका के शव से ही शादी करने का प्रस्ताव दिया। कुछ देर के लिए सभी लोग हैरान हो गए। लेकिन दोनों के प्रेम को देखते हुए रोते बिलखते घरवाले शव से शादी के लिए मान गए। अंतिम संस्कार के लिए बुलाए गए पंडित जी ने शादी के मंत्र पढ़े। शव के साथ हो रही शादी में मंगल गीत की जगह महिलाएं बिलख रही थीं। मौके पर उमड़ी भीड़ की आंखों में भी आंसू थे। वैदिक मंत्रों के बीच प्रेमी ने प्रेमिका की शव से शादी की। उसकी मांग में सिंदूर भरा। इसके बाद सुहागन के रूप में युवती की अर्थी उठी। अंत्येष्टि स्थल पर पहुंचकर प्रेमी ने पति के रूप में मुखाग्नि देकर अंतिम संस्कार किया। जिले के इतिहास में यह पहली ऐसी घटना बताई जा रही है जिसमें शव के साथ शादी हो रही थी। उधर निचलौल थानाध्यक्ष अखिलेश वर्मा ने बताया कि लड़की के खुदकुशी करने की खबर मिली थी। शव का पंचनामा कराकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया था। मौत के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। मामले में कार्रवाई चल रही है। 

More in उत्तर प्रदेश

Trending News

Follow Facebook Page

About

आज के दौर में प्रौद्योगिकी का समाज और राष्ट्र के हित सदुपयोग सुनिश्चित करना भी चुनौती बन रहा है। ‘फेक न्यूज’ को हथियार बनाकर विरोधियों की इज्ज़त, सामाजिक प्रतिष्ठा को धूमिल करने के प्रयास भी हो रहे हैं। कंटेंट और फोटो-वीडियो को दुराग्रह से एडिट कर बल्क में प्रसारित कर दिए जाते हैं। हैकर्स बैंक एकाउंट और सोशल एकाउंट में सेंध लगा रहे हैं। चंद्रेक न्यूज़ इस संकल्प के साथ सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर दो वर्ष पूर्व उतरा है कि बिना किसी दुराग्रह के लोगों तक सटीक जानकारी और समाचार आदि संप्रेषित किए जाएं।समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी को समझते हुए हम उद्देश्य की ओर आगे बढ़ सकें, इसके लिए आपका प्रोत्साहन हमें और शक्ति प्रदान करेगा।

संपादक

Chandrek Bisht (Editor - Chandrek News)

संपादक: चन्द्रेक बिष्ट
बिष्ट कालोनी भूमियाधार, नैनीताल
फोन: +91 98378 06750
फोन: +91 97600 84374
ईमेल: [email protected]

BREAKING