दुर्घटना
महाकुंभ में भगदड़ की घटना दोबारा न हो, कांग्रेस की सीएम योगी को सलाह
महाकुंभ में भगदड़ की घटना दोबारा न हो, कांग्रेस की सीएम योगी को सलाह
सीएन, प्रयागराज। कांग्रेस नेता राजेश ठाकुर ने कहा उत्तर प्रदेश सरकार ने विज्ञापन पर जिस तरह से हजारों करोड़ रुपए खर्च किए, अगर व्यवस्था को दुरुस्त बनाने पर खर्च किए जाते तो बात ही कुछ और होती। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में 13 जनवरी से आयोजित भव्य महाकुंभ में बुधवार को मौनी अमावस्या पर होने वाले अमृत स्नान से पहले भगदड़ मच गई। हादसे में कई लोगों के घायल होने की खबर है। इस घटना को लेकर झारखंड कांग्रेस नेता राजेश ठाकुर ने न्यूज एजेंसी आईएएनएस से बात की। उन्होंने कहा देखिए यह बहुत दुखद घटना है। उन्होंने कहा कि सरकार को चाहिए कि इस घटना से सबक लें और कोशिश करे कि इस तरह की घटना दोबारा न हो। मैं समझता हूं कि योगी सरकार द्वारा जिस तरह से लगातार बड़ी.बड़ी बातें की जा रही थीं, उसके विपरीत जब इस तरह की घटना होती है तो निश्चित रूप से सभी का मन दुखी होता है। क्योंकि महाकुंभ में लोग आस्था की डुबकी लगाने जा रहे हैं, कोई भी वहां पर यह सोचकर नहीं जाता है कि हम मौत की डुबकी लगाएंगे। उत्तर प्रदेश सरकार ने विज्ञापन पर जिस तरह से हजारों करोड़ रुपए खर्च किए अगर व्यवस्था को दुरुस्त बनाने पर खर्च किए जाते तो बात ही कुछ और होती। कांग्रेस नेता ने आम लोगों की परेशानियों पर बात की। बोले महाकुंभ में आने वाले लोगों को 20 किलोमीटर चलकर संगम तक आना पड़ता है। लेकिन वीवीआईपी मूवमेंट की वजह से लोगों को रोक दिया जाता है। इससे उनकी आस्था पर ठेस पहुंचाने का काम किया जा रहा है। जो श्रद्धालु संगम पर जाना चाहते हैं, वह घंटों रुकने की वजह से घबराने लगते हैं। यह जो भगदड़ हुई है इसके पीछे क्या कारण रहे, पूरी जांच होनी चाहिए और कार्रवाई करनी चाहिए, जिससे दोबारा इस तरह की घटना न हो।महाकुंभ के दूसरे अमृत स्नान पर्व मौनी अमावस्या से पहले प्रयागराज के संगम क्षेत्र में भगदड़ मच गई। 10 से ज्यादा लोगों की मौत होने की आशंका जताई गई है। इस बीच विशेष सतर्कता बरतते हुए अखाड़ा परिषद ने अमृत स्नान रद्द करने का फैसला लिया है।
हताहत होने का समाचार बेहद दुखद है, श्रद्धांजलि: अखिलेश यादव
यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कुंभ में मची भगदड़ पर कहा महाकुंभ में अव्यवस्था जन्य हादसे में श्रद्धालुओं के हताहत होने का समाचार बेहद दुखद है। श्रद्धांजलि! हमारी सरकार से अपील है कि गंभीर रूप से घायलों को एयर एंबुलेंस की मदद से निकटतम सर्वश्रेष्ठ हॉस्पिटलों तक पहुंचाकर तुरंत चिकित्सा व्यवस्था की जाए। मृतकों के शवों को चिन्हित करके उनके परिजनों को सौंपने और उन्हें उनके निवास स्थान तक भेजने का प्रबंध किया जाए। जो लोग बिछड़ गये हैं, उन्हें मिलाने के लिए त्वरित प्रयास किये जाएं। हेलीकॉप्टर का सदुपयोग करते हुए निगरानी बढ़ाई जाए।. सतयुग से चली आ रही शाही स्नान की अखण्ड.अमृत परंपरा को निरंतर रखते हुए, राहत कार्यों के समानांतर सुरक्षित प्रबंधन के बीच मौनी अमावस्या के शाही स्नान को संपन्न कराने की व्यवस्था की जाए। श्रद्धालुओं से भी हमारी अपील है कि वो इस कठिन समय में संयम और धैर्य से काम लें और शांतिपूर्वक अपनी तीर्थयात्रा संपन्न करें। सरकार आज की घटना से सबक लेते हुए श्रद्धालुओं के रुकने, ठहरने, भोजन-पानी व अन्य सुविधाओं के लिए अतिरिक्त प्रबंध करे। हादसे में आहत हुए सभी लोगों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना।


























































