Connect with us

क्राइम

दून में पुलिसिया चौकसी के दावों की हवा निकाल बदमाशों ने फिर किया एक और मर्डर, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

सीएन, देहरादून। राजधानी देहरादून का सबसे व्यस्त और पॉश इलाका राजपुर रोड शुक्रवार को गोलियों की तड़तड़ाहट से थर्रा उठा। बदमाशों ने राजपुर रोड स्थित सिल्वर सिटी मॉल के पास जिम से बाहर निकल रहे स्टोन क्रेशर कारोबारी विक्रम शर्मा की बेरहमी से हत्या कर दी। शहर के बीचों-बीच हुई इस दुस्साहिक वारदात ने पुलिसिया चौकसी के दावों की हवा निकाल दी है। ताज्जुब की बात यह है कि कारोबारी खुद लाइसेंसी पिस्टल लेकर चल रहे थे, लेकिन हमलावरों ने उन्हें संभलने तक का मौका नहीं दिया। सहस्रधारा रोड स्थित ग्रीन व्यू निवासी विक्रम शर्मा काशीपुर में स्टोन क्रेशर का कारोबार करते थे। सुबह वह रोज की तरह सिल्वर सिटी स्थित जिम में वर्कआउट करने आए थे। जैसे ही वह जिम से बाहर निकले, पहले से घात लगाकर बैठे हमलावरों ने उन पर हमला बोल दिया। वारदात को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गए। आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस जांच में सामने आया है कि सुरक्षा के मद्देनजर विक्रम शर्मा हमेशा अपनी लाइसेंसी पिस्टल अपने साथ रखते थे। वारदात के वक्त भी पिस्टल उनके पास ही थी, लेकिन बदमाशों ने इतनी तेजी और सटीक तरीके से हमला किया कि विक्रम को अपनी रक्षा में हथियार निकालने का समय ही नहीं मिला। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक की पत्नी सोनिया शर्मा बदहवास हालत में मौके पर पहुंचीं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एसएसपी अजय सिंह ने घटनास्थल का मुआयना किया। बताया कि वारदात के हर पहलू की जांच की जा रही है। सिल्वर सिटी और आसपास के सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में ले ली गई है। हमलावरों की तलाश में पुलिस की कई टीमें शहर के एग्जिट पॉइंट्स और संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। देहरादून में तीन दिन के भीतर यह दूसरा बड़ा हत्याकांड है। राजपुर रोड जैसे हाई-प्रोफाइल इलाके में दिनदहाड़े हुई इस वारदात से व्यापारी वर्ग और स्थानीय निवासियों में भारी रोष और दहशत है। पुलिस अब विक्रम शर्मा के व्यापारिक प्रतिद्वंद्वियों और पुरानी रंजिशों के एंगल खंगाल रही है ताकि कातिलों तक पहुंचा जा सके

More in क्राइम

Trending News

Follow Facebook Page

About

आज के दौर में प्रौद्योगिकी का समाज और राष्ट्र के हित सदुपयोग सुनिश्चित करना भी चुनौती बन रहा है। ‘फेक न्यूज’ को हथियार बनाकर विरोधियों की इज्ज़त, सामाजिक प्रतिष्ठा को धूमिल करने के प्रयास भी हो रहे हैं। कंटेंट और फोटो-वीडियो को दुराग्रह से एडिट कर बल्क में प्रसारित कर दिए जाते हैं। हैकर्स बैंक एकाउंट और सोशल एकाउंट में सेंध लगा रहे हैं। चंद्रेक न्यूज़ इस संकल्प के साथ सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर दो वर्ष पूर्व उतरा है कि बिना किसी दुराग्रह के लोगों तक सटीक जानकारी और समाचार आदि संप्रेषित किए जाएं।समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी को समझते हुए हम उद्देश्य की ओर आगे बढ़ सकें, इसके लिए आपका प्रोत्साहन हमें और शक्ति प्रदान करेगा।

संपादक

Chandrek Bisht (Editor - Chandrek News)

संपादक: चन्द्रेक बिष्ट
बिष्ट कालोनी भूमियाधार, नैनीताल
फोन: +91 98378 06750
फोन: +91 97600 84374
ईमेल: [email protected]

BREAKING