पर्यावरण
राज्यपाल व आयुक्त ने विश्व पर्यावरण दिवस पर पौधरोपण किया, हल्द्वानी में जिला गंगा समिति जागरूकता रैली निकाली
राज्यपाल व आयुक्त ने विश्व पर्यावरण दिवस पर पौधरोपण किया, हल्द्वानी में जिला गंगा समिति जागरूकता रैली निकाली
सीएन, नैनीताल/हल्द्वानी। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने विश्व पर्यावरण दिवस 2025 के अवसर पर आज राजभवन नैनीताल परिसर में पौधारोपण किया। इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि स्वच्छ सुंदर और संतुलित पर्यावरण न केवल वर्तमान पीढ़ी के लिए आवश्यक है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए भी यह एक स्वस्थ भविष्य की आधारशिला है। उन्होंने सभी नागरिकों से आग्रह किया कि वे प्रकृति के अमूल्य उपहार जैसे वन, नदियां पर्वत और जैव विविधता के संरक्षण के लिए मिलकर कार्य करें। इधर नैनीताल में विश्व पर्यावरण दिवस पर स्कूली बच्चों ने पर्यावरण संरक्षण जागरूकता रैली निकाली। नैनीताल में निरंकारी सेवा समिति के कार्यकर्ताओं ने सफाई अभियान चलाया।
हल्द्वानी। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयुक्त व सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने आज कैम्प कार्यालय हल्द्वानी में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर आयुक्त ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस का उद्देश्य आमजन को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना और उन्हें इसके लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि प्रकृति का संतुलन बनाए रखने के लिए हर व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। उन्होंने मंडल वासियों से अपील की कि वे प्लास्टिक का उपयोग न करें, कपड़े के थैले अपनाएं और अधिक से अधिक पौधे लगाकर प्रकृति से अपने जुड़ाव को मजबूत करें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को इस अवसर पर एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी, उपजिलाधिकारी रेखा कोहली, तहसीलदार मनीषा बिष्ट सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे। हल्द्वानी में जिला गंगा समिति नैनीताल द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस 2025 के अवसर पर जागरूकता रैली, वृक्षारोपण स्वच्छता अभियान एवं शपथ समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत गजराज सिंह बिष्ट ’महापौर हल्द्वानी.काठगोदाम नगर निगम’ एवं ’नगर आयुक्त ऋचा सिंह’ द्वारा की गई। उन्होंने रैली में भाग लेते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति युवाओं और नागरिकों को जागरूक किया। इस आयोजन में मनोज नेगी अध्यक्ष गो क्लीन गो ग्रीन एनजीओ एवं उनकी समर्पित टीम ने अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके सहयोग से कार्यक्रम का समुचित संचालन और सफल आयोजन संभव हो सका। रैली में हल्द्वानी के विभिन्न विद्यालयों के छात्रों ने सहभागिता की और पर्यावरण एवं स्वच्छता के प्रति जागरूकता के संदेश दिए। रैली के उपरांत विभिन्न स्थलों पर वृक्षारोपण किया गया और स्वच्छता अभियान चलाया गयाए जिसमें प्लास्टिक कचरा हटाने, साफ-सफाई एवं अपशिष्ट प्रबंधन पर बल दिया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत एक शपथ ग्रहण समारोह भी आयोजित किया गया।































