राजनीति
प्रश्नकाल से भाग रही सरकार..पांच दिन का बजट सत्र, एक भी सोमवार नहीं, सीएम से जवाब से बचने की रणनीति : गणेश गोदियाल
सीएन, देहरादून। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने राज्य सरकार पर विधानसभा में जन मुद्दों से बचने का गंभीर आरोप लगाया है। कांग्रेस भवन में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि विधानसभा सत्र के दौरान विधायकों द्वारा उठाए जाने वाले जनहित के सवालों पर सरकार जवाब देने से कतरा रही है। गोदियाल ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में एक बार भी प्रश्नकाल के लिए सोमवार का दिन निर्धारित नहीं किया गया। जबकि सदन में प्रश्नों के जवाब देने के लिए मुख्यमंत्री का दिन सोमवार तय है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह जानबूझकर बनाई गई रणनीति है ताकि मुख्यमंत्री को सीधे तौर पर जवाबदेही से दूर रखा जा सके। उन्होंने बताया कि आगामी बजट सत्र 9 से 13 मार्च तक भराड़ीसैंण में आयोजित किया जा रहा है, लेकिन सरकार ने इसके लिए केवल पांच दिन तय किए हैं। कांग्रेस विधायकों की मांग है कि सत्र कम से कम एक माह तक चलना चाहिए, ताकि सभी 70 विधायक अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से सदन में रख सकें। गोदियाल ने कहा कि लोकतंत्र में प्रश्नकाल महज औपचारिकता नहीं, बल्कि जनता की आवाज को सरकार तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है। सदन में पूछे गए सवालों से ही नीतियों, निर्णयों और प्रशासनिक कार्यप्रणाली की पारदर्शिता सुनिश्चित होती है। यदि सरकार संवाद से दूरी बनाए रखेगी, तो जनता के मन में अविश्वास की भावना स्वाभाविक रूप से बढ़ेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी सदन के भीतर और बाहर जनहित के मुद्दों को पूरी मजबूती से उठाती रहेगी और सरकार को जवाबदेह बनाने के लिए हर लोकतांत्रिक मंच का उपयोग करेगी।




























































