राजनीति
हिमाचल में कांग्रेस विधायकों को टूटने से बचाने का बना प्लान, छत्तीसगढ़ भेजने की तैयारी
हिमाचल में कांग्रेस विधायकों को टूटने से बचाने का बना प्लान, छत्तीसगढ़ भेजने की तैयारी
सीएन, शिमला। हिमाचल प्रदेश में दोपहर तक शुरुआती रूझान कांग्रेस के पक्ष में नजर आने से हाईकमान ने अगली रणनीति बनानी शुरू कर दी है। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस के लिए ऑब्जर्वर नियुक्त किए गए भूपिंद्र सिंह हुड्डा और प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला पूरी नजर जमाए हुए हैं। यह भी बताया जा रहा है कि कांग्रेस विधायकों को पहले किसी गुप्त जगह पर बुलाकर इकट्ठा किया जाएगा। इसके बाद सभी को छत्तीसगढ़ भेजने की भी योजना है। हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस जीत की ओर बढ़ रही है और रुझानों में कांग्रेस बहुमत के आंकड़े को पार कर चुकी है। हिमाचल में कांग्रेस 40 सीट तो भाजपा 25 सीटों पर आगे चल रही है। अगर यही रुझान नतीजों में तब्दील होते हैं तो हिमाचल में हर पांच साल पर सरकार बदलने का रिवाज कायम रहेगा और कांग्रेस आसानी से सरकार बना सकती है। हालांकि, आंकड़ों में अब भी उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। यही वजह है कि टाइट-फाइट होने की स्थिति में कांग्रेस अभी से ही फूंक-फूंक कर कदम रख रही है। सूत्रों की मानें तो कांग्रेस हिमाचल प्रदेश में जीते हुए अपने सभी विधायकों को चंडीगढ़ बुलाने वाली है। सूत्रों ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में जीत का सर्टिफिकेट मिलने के बाद कांग्रेस के सभी विधायक चंडीगढ़ पहुंचेंगे और वहां से किसी अन्य राज्य में ले जाया जा सकता है। माना जा रहा है कि हिमाचल में जीते हुए कांग्रेस उम्मीदवारों की कमान भूपेंद्र सिंह हुड्डा, भूपेश बघेल और राजीव शुक्ला संभालेंगे। भूपेंद्र हुड्डा अभी चंडीगढ़ में ही हैं, जबकि भूपेश बघेल और शुक्ला जल्द ही पहुंचने वाले हैं। हिमाचल प्रदेश के नतीजे भी काफी दिलचस्प होने वाले हैं, क्योंकि हिमाचल प्रदेश का हर बार सत्ता बदलने का इतिहास रहा है। राज्य में सरकार बनाने के लिए किसी भी दल को कम से कम 35 विधायकों का समर्थन चाहिए, मगर सोमवार को जारी एग्जिट पोल के पूर्वानुमानों के मुताबिक कांग्रेस और बीजेपी इस जादुई आंकड़े को प्राप्त करने में संघर्षरत दिखे हैं। इन एग्जिट पोल्स में बीजेपी को 24 से 41 सीटें मिलने का पूर्वानुमान लगाया गया है, जबकि कांग्रेस के खाते में 20 से 40 सीटें आने की संभावना जताई गई है। दोपहर एक बजे तक की काउंटिंग के बाद हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस 39 सीटों पर, जबकि बीजेपी 26 सीटों पर आगे चल रही है। राज्य में कुल 68 सीट हैं और सरकार बनाने के लिए 35 सीट की जरूरत है।