उत्तराखण्ड
सभी ईवीएम जिला मुख्यालय में बनाए गए स्ट्रांग रूम में सुरक्षित
सीएन, देहरादून, नैनीताल। विधानसभा चुनाव 2022 के लिए 14 फरवरी को मतदान की प्रक्रिया संपन्न हो गई है जिसके बाद प्रदेश में बनाए गए सभी बूथों से पोलिंग पार्टियां जिला मुख्यालयों में पहुंच चुकी है। इसी के साथ सभी ईवीएम जिला मुख्यालयों में बनाए गए स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रख ली गई हैं, जो अब ठीक 22 दिन बाद 10 मार्च को मतगणना के लिए ही बाहर निकलेगी। दरसअल, सोमवार को मतदान के बाद देर रात तक पोलिंग पार्टियां जिला मुख्यालय में लौट आई थी। दूरस्थ क्षेत्रों की पोलिंग पार्टियां मंगलवार देर रात को वापस लौट पाईं।
इस तरह सभी ईवीएम, वीवीपैट के साथ जिला मुख्यालय में बने स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रख ली गई हैं। इन स्ट्रांग रूम पर ही मतगणना होनी है। इस तरह ईवीएम अब ठीक 22 दिन बाद यानी दस मार्च को मतगणना के लिए निकलेंगी। तब तक यहां कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। स्ट्रांग रूम के बाहर तय सीमा तक जिला निर्वाचन अधिकारी, रिटर्निंग अधिकारी और प्रत्याशी ही जा सकेंगे। प्रदेश में किसी भी बूथ पर फिर से मतदान की नौबत नहीं आई है।
