मौसम
उत्तराखंड में बारिश, ओलावृष्टि व बर्फबारी जारी, 12 अप्रैल तक मौसम का यही पैटर्न रहेगा, जारी किया अलर्ट
सीएन, नैनीताल/देहरादून। उत्तराखण्ड में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदला है। मौसम विभाग की चेतावनी फिर सच साबित हुई है। उत्तराखंड के अधिकांश जिलो में आज झमाझम बारिश हो रही है तो ऊंचाई वाले ईलाकों में बर्फबारी भी हो रही है। आगामी 12 अप्रैल तक मौसम यथावत रहने का अनुमान है। नैनीताल सहित कुमाऊं के विभिन्न हिस्सों में लगातार बारिश हो रही है। जिससे जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है। मौसम विभाग ने बुधवार को तेज बारिश के साथ ही ओलावृष्टि व आंधी की चेतावनी दी है। बीते दिनों से हो रही बारिश व ओलावृष्टि के कारण रबी व नगदी फसल को भारी नुकसान पहुंचा है। बुधवार को जहां उत्तराखंड में बारिश हो रही है वहीं पिथौरागढ़ व बागेश्वर, चमोली में बारिश के साथ-साथ ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी शुरू हो गई। इस दौरान बदरीनाथ धाम, हेमकुंड साहिब और औली में ताजा हिमपात दर्ज किया गया है। बर्फबारी और बारिश से पूरे क्षेत्र में ठंडक बढ़ गई है। इस बीच मौसम विभाग ने उत्तराखंड में रविवार 12 अप्रैल तक बारिश का पूर्वानुमान लगाया है। आज बुधवार 8 अप्रैल को पूरे प्रदेश में ही बारिश होने की संभावना है, इसलिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार 7 अप्रैल को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ समेत सभी जिलों में बारिश हुई। इन जिलों में 3300 मीटर और उससे ऊंचे स्थानों पर बर्फबारी हुई। राज्य के शेष 8 जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई है। अन्य पहाड़ी जिलों में भी 3300 मीटर और उससे ऊंचे स्थानों पर बारिश का माहौलबना रहा। शनिवार 11 अप्रैल और रविवार 12 अप्रैल को भी मौसम का यही पैटर्न रहेगा। बुधवार को नैनीताल सहित आसपास के पर्यटन स्थलों में सैलानियों की आमद में भारी गिरावट देखी गई। बारिश के कारण पहाड़ों में पहुंचे सैलानी होटलों में कैद रहे। मौसम विभाग के अनुसार अगले 1 से 2 दिन में उत्तराखंड में अनेक स्थानों पर अधिकतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोत्तरी होने की संभावना है। उसके अगले 2 से 3 दिन में अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने की संभावना है। ऐसे में लोगों से सतर्क रहने की अपील भी की गयी है।






































