Connect with us

अंतरराष्ट्रीय

भारत के बहुप्रतीक्षित चंद्र मिशन ‘चंद्रयान-3’ की चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सफल ‘सॉफ्ट-लैंडिंग’ हुई, देश मना रहा जश्न

सीएन,बंगलुरू। हर भारतीय के लिए गर्व से सीना चौड़ा करने और मस्तक ऊंचा करने का समय है. भारत के बहुप्रतीक्षित चंद्र मिशन ‘चंद्रयान-3’ की चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सफल ‘सॉफ्ट-लैंडिंग’ हो गई है. इस अभूतपूर्व और अप्रतिम उपलब्धि के साथ भारत ने इतिहास रच दिया है. पृथ्वी के नैचुरल सैटेलाइट (चंद्रमा) के इस हिस्से में उतरने वाला भारत दुनिया का पहला देश बन गया है क्योंकि अब तक जितने भी मिशन चंद्रमा पर गए हैं वे चंद्र भूमध्य रेखा के उत्तर या दक्षिण में कुछ डिग्री अक्षांश पर उतरे हैं. ब्रह्मांड के इस हिस्से में भारत का परचम लहराने से वैज्ञानिकों ही नहीं, देशभर की आम जनता के बीच भी भारी उत्साह देखा जा रहा है और ‘सॉफ्ट-लैंडिंग’ से वाकिफ हर भारतीय का चेहरा खुशी से दमक रहा है. चंद्रयान-3 की सफल सॉफ्ट लैंडिंग से जहां भारत का स्पेस पावर के रूप में उभरा है तो वहीं ISRO का दुनिया की अन्य अंतरिक्ष एजेंसियों के मुकाबले कद कहीं ऊंचा हो गया है. देशवासी ISRO के वैज्ञानिकों को बधाई दे रहे हैं और उनके काम की जमकर सराहना कर रहे हैं. सोशल मीडिया पर बधाई संदेशों का तांता लगा है. देशभर में जश्न के माहौल के बीच आइये जान लेते हैं चंद्रयान-3 मिशन और इसकी सॉफ्ट लैंडिंग से जुड़ी बड़ी बातें. चंद्रयान-3 की लैंडिंग को लेकर चर्चा और सरगर्मी 14 जुलाई को इसके लॉन्च के साथ ही जोर पकड़ गई थी लेकिन बुधवार (23 अगस्त) की शाम जैसे ही घड़ी की सुइयों ने साढ़े पांच बजाए, हर किसी की आंख सॉफ्ट लैंडिंग के घटनाक्रम पर टिक गई. अत्यधिक रोमांच से भरे इस छड़ में आम इंसान के दिल भी उतनी जोर से धड़के जितने कि इसरो वैज्ञानिकों के, और फिर वो क्षण आया जब लैंडर विक्रम ने चंद्र सतह को छुआ और सॉफ्ट लैंडिंग पूरी हुई. इसरो ने शाम 6:04 बजे का समय इसके लिए निर्धारित किया था.  योजना के अनुसार, कुछ देर बाद लैंडर विक्रम की बैली से रोवर प्रज्ञान एक पैनल को रैंप के रूप में इस्तेमाल करके चंद्रमा की सतह पर उतरेगा. रोवर में पहिए और नेविगेशन कैमरे लगे हैं. यह चंद्रमा के परिवेश का इन-सीटू (यथास्थान) विश्लेषण करेगा और जानकारी लैंडर विक्रम के साथ साझा करेगा. लैंडर विक्रम धरती पर वैज्ञानिकों से सीधे कम्युनिकेट करेगा. इस प्रकार चंद्रमा के बारे में अमूल्य जानकारी पृथ्वी पर हम तक आ सकेगी

More in अंतरराष्ट्रीय

Trending News

Follow Facebook Page

About

आज के दौर में प्रौद्योगिकी का समाज और राष्ट्र के हित सदुपयोग सुनिश्चित करना भी चुनौती बन रहा है। ‘फेक न्यूज’ को हथियार बनाकर विरोधियों की इज्ज़त, सामाजिक प्रतिष्ठा को धूमिल करने के प्रयास भी हो रहे हैं। कंटेंट और फोटो-वीडियो को दुराग्रह से एडिट कर बल्क में प्रसारित कर दिए जाते हैं। हैकर्स बैंक एकाउंट और सोशल एकाउंट में सेंध लगा रहे हैं। चंद्रेक न्यूज़ इस संकल्प के साथ सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर दो वर्ष पूर्व उतरा है कि बिना किसी दुराग्रह के लोगों तक सटीक जानकारी और समाचार आदि संप्रेषित किए जाएं।समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी को समझते हुए हम उद्देश्य की ओर आगे बढ़ सकें, इसके लिए आपका प्रोत्साहन हमें और शक्ति प्रदान करेगा।

संपादक

Chandrek Bisht (Editor - Chandrek News)

संपादक: चन्द्रेक बिष्ट
बिष्ट कालोनी भूमियाधार, नैनीताल
फोन: +91 98378 06750
फोन: +91 97600 84374
ईमेल: [email protected]

BREAKING