धर्मक्षेत्र
केदारनाथ के कपाट 11 नवंबर को बंद होंगे, बदरीनाथ के कपाट 16 नवंबर को शुभ मुहूर्त में शीतकाल के लिए बंद होंगे
सीएन,गोपेश्वर/रुद्रप्रयाग। विजयादशमी पर बदरीनाथ, केदारनाथ और यमुनोत्री के कपाट बंद करने की तिथियां घोषित कर दी गईं। केदारनाथ के कपाट 11 नवंबर को भैया दूज पर सुबह 8:15 बजे बंद होंगे। यमुनोत्री के कपाट भी इसी दिन सुबह 10.28 बजे बंद किए जाएंगे। बदरीनाथ के कपाट 16 नवंबर को रात्रि 9:37 बजे शुभ मुहूर्त में शीतकाल के लिए बंद होंगे।भैया दूज पर बाबा केदारनाथ के कपाट बंद होने के बाद बाबा केदार की उत्सव डोली विभिन्न स्थानों से होते हुए ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ पहुंचेगी। शीतकाल में छह माह भगवान केदारनाथ की पूजा ऊखीमठ में ही की जाएगी। वहीं, यमुनोत्री धााम के कपाट बंद होने के बाद मां यमुना की डोली शीतकालीन प्रवास खरसाली रवाना होगी। बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़ और हक-हकूकधारी और तीर्थ पुरोहितों की मौजूदगी में रावल अमरनाथ नंबूदरी ने बदरीनाथ धाम के कपाट बंद करने की तिथि और मुहूर्त की घोषणा की। वहीं, गंगोत्री धाम के कपाट बंदी की तिथि बीते सोमवार को हो चुकी है। इसके अनुसार गंगोत्री के कपाट 10 नवंबर को दोपहर 12:05 बजे बंद किए जाएंगे।








































