उत्तराखण्ड
त्योहारों की खुशियों के साथ आत्मनिर्भरता की नई मिठास घोल रहीं गौलापार की महिलाएं, 50 हजार के निवेश से कमाया 90 हजार का मुनाफा
सीएन, हल्द्वानी/नैनीताल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आत्मनिर्भर उत्तराखंड के संकल्प को धरातल पर साकार करने में प्रदेश की महिलाएं भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाएं स्थानीय संसाधनों और अपने हुनर को स्वरोजगार से जोड़कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन रही हैं। इसी की एक प्रेरक मिसाल हल्द्वानी के गौलापार स्थित मंगलम ग्राम संगठन की महिलाओं ने पेश की है। ग्राम संगठन से जुड़ी छह महिलाओं ने नवरात्रि और दीपावली के त्योहारों को स्वरोजगार के अवसर में बदलते हुए अपने हाथों से शुद्ध एवं बिना मिलावट के गट्टे, बतासे और खिलौने तैयार किए। महिलाओं ने इन उत्पादों की बिक्री स्थानीय बाजारों और हल्द्वानी में की। उनके उत्पादों को ग्राहकों का अच्छा प्रतिसाद मिला और इस छोटी-सी पहल ने उन्हें उल्लेखनीय आर्थिक लाभ दिलाया। मंगलम ग्राम संगठन की महिलाओं ने इस कार्य की शुरुआत कुल 50 हजार रुपये की लागत से की। त्योहारों के दौरान मांग को देखते हुए उन्होंने पारंपरिक गट्टे, बतासे और खिलौने तैयार कर बाजार में बिक्री की। मेहनत, गुणवत्ता और शुद्धता के प्रति विश्वास का परिणाम रहा कि मात्र नवरात्रि और दीपावली के दौरान समूह ने कुल 1 लाख 40 हजार रुपये की बिक्री की। इसमें से सभी खर्चों के बाद समूह को लगभग 90 हजार रुपये का शुद्ध मुनाफा प्राप्त हुआ। इस प्रकार संगठन की प्रत्येक महिला के हिस्से में 15 हजार रुपये का लाभ आया। यह उपलब्धि दर्शाती है कि सामूहिक प्रयास, स्थानीय उत्पादों और स्वरोजगार के माध्यम से महिलाएं कम निवेश में भी अपनी आमदनी बढ़ाने की दिशा में आगे बढ़ सकती हैं। समूह की महिलाओं ने अपने उत्पादों को स्वयं तैयार किया और उनकी शुद्धता एवं गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया। त्योहारों पर पारंपरिक उत्पादों की मांग को देखते हुए उन्होंने स्थानीय बाजार में अपनी अलग पहचान बनाई। इस पहल से एक ओर लोगों को घर पर तैयार शुद्ध सामग्री उपलब्ध हुई, वहीं दूसरी ओर महिलाओं को अपनी मेहनत का आर्थिक लाभ भी मिला। मंगलम ग्राम संगठन की महिलाओं ने अपनी इस उपलब्धि पर राज्य सरकार एवं राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) का हृदय से आभार व्यक्त किया है। महिलाओं ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को संगठित होकर कार्य करने, स्वरोजगार अपनाने और आर्थिक रूप से सशक्त बनने की दिशा में प्रोत्साहन मिल रहा है। उन्होंने राज्य सरकार एवं एनआरएलएम के प्रयासों और सहयोग के लिए धन्यवाद देते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहन मिलने की अपेक्षा जताई। यह सफलता केवल 90 हजार रुपये के मुनाफे तक सीमित नहीं है, बल्कि महिला सशक्तीकरण, सामूहिक उद्यमिता और स्थानीय उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने की क्षमता का भी उदाहरण है। मंगलम ग्राम संगठन की ये महिलाएं साबित कर रही हैं कि यदि महिलाओं को अवसर, उचित मार्गदर्शन और सामूहिक प्रयास का मंच मिले, तो वे अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के साथ ही आत्मनिर्भर उत्तराखंड के निर्माण में भी महत्वपूर्ण योगदान दे सकती हैं।





















































