उत्तराखण्ड
अभिनेत्री उर्मिला सनावर गिरफ्तार, ज्वालापुर के पूर्व भाजपा विधायक राठौर को ब्लैकमेल करने का आरोप
सीएन, हरिद्वार/सहारनपुर। ज्वालापुर के पूर्व विधायक सुरेश राठौर से पांच करोड़ रुपये की फिरौती मांगने, आचार्य धाम को अपने नाम कराने और पूरे परिवार की हत्या कराने की धमकी देने के आरोप में अभिनेत्री उर्मिला सनावर को हरिद्वार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस घर में लगे सीसीटीवी की डीवीआर भी अपने साथ ले गई है। पिछले काफी समय से अभिनेत्री उर्मिला सनावर चर्चाओं में हैं। हरिद्वार की विधानसभा ज्वालापुर से विधायक रहे सुरेश राठौर की बेटी दीपिका राठौर ने रानीपुर कोतवाली में अभिनेत्री उर्मिला सनावर के खिलाफ ब्लैकमेलिंग, परिवार को जान से मारने और आचार्य धाम को अपने नाम कराने की धमकी देने पर तहरीर दी थी। इस पर रानीपुर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर अभिनेत्री उर्मिला सनावर की तलाश शुरू कर दी थी। हरिद्वार के एसपी सिटी दीपक सिंह ने बताया कि रविवार को उनकी पुलिस ने उर्मिला के सहारनपुर में गोविंद नगर स्थित आवास पर दबिश दी। घर की डीवीआर भी अपने कब्जे में ली गई है। इसके बाद अभिनेत्री उर्मिला सनावर को गिरफ्तार कर लिया गया। मालूम हो कि चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में अभिनेत्री उर्मिला सनावर ने एक आडियो जारी कर पूर्व भाजपा विधायक सुरेश राठौर के साथ बातचीत में अंकिता हत्याकांड में भाजपा के दो वरिष्ठ नेता वीआईपी के शामिल होने की बात राठौर ने कही थी।

















































