उत्तराखण्ड
अलविदा उत्तराखंड के लाल पूर्व विधायक डाॅ. नारायण सिंह जंतवाल
कमलेश चन्द्र पाण्डे, नैनीताल। दीपावली पर्व से ठीक एक दिन पूर्व आई इस अविश्वसनीय खबर ने नैनीताल शहर को झकझोर दिया कि पूर्व विधायक डाॅ. नारायण सिंह जंतवाल अब हमारे बीच नहीं रहे। शहरवासी अपने प्रिय नारायण की विदाई का विश्वास ही नहीं कर पा रहे थे। डाॅ. जंतवाल के स्वभाव में था वे शहरवासियों के प्रति स्नेह व आदर का भाव रखते थे। उनका असमय विदा लेना मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है। मेरा व डाॅ. जंतवाल का 48 वर्षों का साथ रहा व अनंत यादें। मेरी और उनकी पहली मुलाकात नैनीताल शहर के प्रतिष्ठित कॉलेज चेत राम साह ठुलघरिया इंटर कॉलेज में हुई। वे उच्च शिक्षा हेतु भीमताल के जंतवालगाँव से नैनीताल आये और मैं समीपवर्ती खुर्पाताल से। हम दोनों ने कक्षा 11 विज्ञान वर्ग में प्रवेश लिया। जंतवाल जी के अन्य पारिवारिक जन भी उच्च शिक्षा के लिए नैनीताल पहले ही आ चुके थे व मल्लीताल ब्लायथ काॅटेज में रहते थे। नैनीताल शहर प्रबुद्धजनों का शहर था व शिक्षा तीर्थ के रूप में विख्यात था और विद्यार्थी भी अत्यन्त प्रतिभाशाली थे। ऐसे वातावरण में ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों हेतु बड़ी चुनौती होती थी कि शहर के विद्यार्थियों के मुकाबले खड़े हो सकें। लेकिन नारायण सिंह जंतवाल तो कुछ और ही संकल्प के साथ नैनीताल आये थे।सी.आर.एस.टी. कॉलेज जहाँ शैक्षणिक क्षेत्र में आगे था, वहीं सहशैक्षणिक गतिविधियों में भी शहर में अग्रिम पंक्ति में शुमार था। कॉलेज में उच्च कोटि की शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद, सांस्कृतिक क्रियाकलाप व नेतृत्व विकास के पर्याप्त अवसर थे। जंतवाल जी ने कॉलेज के कुशल शिक्षकों के नेतृत्व में निर्भीकता से सह-शैक्षणिक गतिविधियों में प्रतिभाग करना प्रारम्भ किया व कुछ ही समय में अपनी ताकत का लोहा मनवाया। वे कॉलेज छात्रों के मध्य लोकप्रिय हो गये। कॉलेज में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु चार सदनों की व्यवस्था थी, ताकि प्रतिस्पर्धी वातावरण में छात्रों की योग्यता निखर सके। इन सदनों के नाम महाराणा प्रताप हाउस, शिवाजी हाउस, गांधी हाउस व अकबर हाउस थे। प्रत्येक हाउस का अध्यक्ष हाउस द्वारा मतदान द्वारा चुना जाता था। 1977-78 में नारायण सिंह जंतवाल भारी मतों से अकबर हाउस के अध्यक्ष चुने गये। यही वह दौर था जिसने उनको पूरी तरह बदल दिया व उनकी अद्भुत नेतृत्व क्षमता के दर्शन हुए। उनकी की चर्चा शिक्षकों के मध्य होने लगी और तत्कालीन कॉलेज प्रबन्धक चन्द्रलाल साह ठुलघरिया तक भी पहुँची। चन्द्रलाल जी ने उन्हें बुला कर शाबासी दी और उन्हें नैनीताल पर्वतारोहण क्लब के एक 10 दिवसीय शिलारोहण प्रशिक्षण हेतु नामांकित किया। प्रशिक्षण के प्रति समर्पित कुशलता व प्रशिक्षण की समझ के प्रति जिज्ञासा ने उन्हें अलग पहचान दिलाई। चन्द्रलाल साह ‘बुज्यू’ और जन्तवाल जी की यह मित्रता जीवनपर्यन्त रही। प्रार्थना सभा में सम्बोधन, वाद-विवाद, छात्र अनुशासन में सहयोग फिर नारायण सिंह जंतवाल की दिनचर्या का हिस्सा बन गई। वे बेहतरीन वाॅलीबाल खिलाड़ी थे, जिसमें वे कालेज टीम के कप्तान थे और बाद में डी.एस.बी. काॅलेज नैनीताल की महाविद्यालय व विश्वविद्यालय टीम के सदस्य रहे। वे जीव विज्ञान विषय के व्याख्याता अमर नाथ सिंह जी के प्रिय शिष्यों में थे। अमरनाथ सिंह जी की इच्छा थी कि जंतवाल चिकित्सक के रूप में अपना कैरियर बनायें, क्योंकि वे बिना किसी गलती के जीव विज्ञान के प्रयोगात्मक कार्य किया करते थे। सी.आर.एस.टी. काॅलेज में विज्ञान क्लब के रूप में एक संगठन कार्यरत था जिसका कार्य विज्ञान की गोष्ठियाँ, नवाचार व विज्ञान प्रदर्शनी आयोजित करना था। इस क्लब में अनेक प्रतिष्ठित लोग आया करते थे। जंतवाल जी अतिथियों को काॅलेज की विज्ञान प्रगति से अवगत कराते थे। वे विज्ञान क्लब के महत्वपूर्ण सदस्य थे। जंतवाल दो वर्षों तक कालेज इन्ट्रैक्ट क्लब से भी जुड़े रहे, जिसके अन्तर्गत व्यावसायिक प्रशिक्षण द्वारा छात्रों को जीवकोपार्जन हेतु तैयार किया जाता था। स्काउटिंग टीम के भी वे सदस्य थे, हालांकि स्काउटिंग मुख्यतः छोटी कक्षा के विद्यार्थियों हेतु थी। डॉ. जंतवाल मुख्यतः स्काउटिंग कैम्प तैयारी हेतु सहयोग करते थे।1977 के दौरान उनका सम्पर्क एक बड़े आन्दोलन से हुआ, जब नैनीताल क्लब में वनों की नीलामी चल रही थी। इस नीलामी को लेकर कारण जनता में आक्रोश था। नीलामी के विरोध में डी.एस.बी. कालेज के छात्रों का एक जुलूस सी.आर.एस.टी. में कालेज बन्द कराने पहुँच गया। उसने अवकाश की घंटी बजा कर बच्चों को कक्षाओं से बाहर निकालना प्रारम्भ किया। कुछ शिक्षकों द्वारा आन्दोलनकारियों को समझाया गया कि बच्चों को कुछ आवश्यक निर्देशों के बाद अवकाश कर दिया जायेगा। सभी छात्र प्रार्थना सभा में एकत्र हुए। अवकाश घोषित करने के बाद शिक्षकों ने उन्हें समझाया कि आप सीधे घर जाएंगे। जिस वक्त छात्रों का समूह घर जा रहा था, उसी वक्त नीचे माल रोड पर वन आन्दोलनकारियों को गिरफ्तार किया जा रहा था। पुलिस ने अकारण ही घर जाते विद्यार्थियों पर पानी की बौछारें डाल दीं। इससे नाराज हो कर छात्र पूरे बाजार में फैल गये। बाद में यह आन्दोलन इतना उग्र हो गया कि नैनीताल क्लब का ऐतिहासिक भवन अग्नि की लपटों के हवाले हो गया। इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना ने नारायण सिंह जंतवाल को वन आन्दोलन से जोड़ दिया। सी.आर.एस.टी. कालेज की वर्ष 1978 में इन्टर परीक्षा उत्तीर्ण कर व उच्च शिक्षा हेतु डी.एस.बी. काॅलेज नैनीताल में बी.ए. में प्रवेश ले लिया। वहाँ कला, विज्ञान व वाणिज्य वर्ग में सी.आर.एस.टी. कालेज के छात्रों का दबदबा था। अपनी वाकपटुता व मिलनसार स्वभाव के कारण जंतवाल जल्दी ही यहाँ भी लोकप्रिय हो गये। उनके सहपाठियों ने उन्हें उपसचिव पद हेतु नामांकित करा दिया। ग्रामीण इलाकों के छात्र उनके समर्थन में जबर्दस्त ढंग से लामबन्द हुए। नैनीताल नगर में इन छात्रों का इतना बड़ा जुलूस निकला कि उस समय अध्यक्ष पद के प्रत्याशी भी इस जुलूस से अवाक थे। नारायण सिंह जन्तवाल भारी मतों से चुनाव जीत गये। वर्ष 1980 में पुनः एक बार फिर साथियों द्वारा सचिव पद हेतु नामांकन कराया गया व पुनः बड़ी जीत के साथ छात्र संघ सचिव बने। वर्ष 1981 में एक बार हार कर नारायण सिंह जन्तवाल 1982 में डी.एस.बी.महाविद्यालय, कुमाऊँ विश्वविद्यालय के अध्यक्ष बने। इस पद पर चुनाव से पहले होने वाली आम सभा में उनके ओजस्वी व तथ्यपरक भाषण ने अन्य प्रत्याशियों को हैरान कर दिया। इस भाषण में भारतीय लोकतांत्रिक प्रणाली के साथ उन्होंने अन्तर्राष्ट्रीय राजनीति का भी विश्लेषण किया, जिसने शिक्षकों और पत्रकारों को भी प्रभावित किया। वर्ष 1983-84 में जन्तवाल कुमाऊँ विश्वविद्यालय के छात्र महासंघ अध्यक्ष बने। छात्र महासंघ अध्यक्ष बनने के बाद उनका प्राध्यापकों, कुलपति व राजनेताओं से मिलने का सिलसिला प्रारम्भ हुआ व अपनी वाकपटुता, विलक्षण बौद्धिक कुशलता से उन्होंने अनेक छात्र समस्याओं का निवारण कराया। वर्ष 1986 में डा० जन्तवाल ने अल्मोड़ा महाविद्यालय में एल.एल.बी. प्रथम वर्ष में प्रवेश लिया व वर्ष 1988 में कानून की उपाधि प्राप्त की। वर्ष 1985 में पर्यटन में डिप्लोमा प्राप्त किया व वर्ष 1989 में पीएच.डी. में नामांकित हुए। छात्र राजनीति के दौरान ही क्षेत्रीय दल उत्तराखण्ड क्रान्ति दल की 1979 में स्थापना हो चुकी थी। विद्यार्थी काल मंे ही उत्तराखंड संघर्ष वहिनी द्वारा चलाये गये ‘नशा नहीं रोजगार दो’ आन्दोलन में सक्रिय भूमिका निभा चुके जन्तवाल का रुझान उत्तराखंड क्रांति दल की ओर होने लगा। लेकिन असल बदलाव तब आया, जब वर्ष 1983-84 में उनकी मुलाकात सुप्रसिद्ध भौतिकशास्त्री प्रो. डी. डी. पन्त जी से हुई व मुलाकातों का सिलसिला चलने लगा। प्रो. पन्त राज्य के पर्वतीय भूभाग की पारिस्थितिकी, भूगोल, अर्थशास्त्र, सामाजिक व्यवस्था, समेकित विकास जैसे मुद्दों पर व्यापक दृष्टिकोण रखते थे। जन्तवाल प्रो. पन्त के विचारों से अत्यधिक प्रभावित हुए व संघर्ष का मन बना कर उ.क्रा.दल की सदस्यता ग्रहण कर ली। उन्हें पढ़ने का बहुत शौक था। उन्होंने असल राजनीतिक परीक्षा से पूर्व हिमालयी राज्यों का इतिहास व क्षेत्रीय दलों के कार्य योजना व दस्तावेजों का व्यापक अध्ययन किया। मल्लीताल में नयना बुक डिपो के सुरेश साह जी से उनकी पक्की मित्रता थी और तब वहाँ लगभग सभी समाचार पत्र आते थे और डाॅ. जन्तवाल प्रतिदिन वहीं बैठकर सभी समाचार पत्रों का अध्ययन किया करते थे व शहर के सभी प्रबुद्धजनों से मुलाकात भी हो जाती थी। नयना बुक डिपो के पास ही पूर्णानन्द पन्त जी का रयना रेस्टोरैन्ट हुआ करता था। पन्त जी के पुत्र रमेश चन्द्र पन्त थापला गाँव के निवासी थे और डाॅ. जन्तवाल के सी.आर.एस.टी. कालेज से ही सहपाठी थे। जन्तवाल अक्सर पन्त जी व मेरे घर आया करते थे व मंगोली खुर्पाताल व थापला गाँव में ही रुका करते थे। पूर्णानन्द पन्त जी व्यवसायी होने के साथ-साथ ग्राम सभा थापला के 35 वर्ष प्रधान रहे। वे सेठजी के नाम से विख्यात थे। राजनीतिक दिग्गज नारायण दत्त तिवारी व के.सी. पन्त दोनों ही चुनाव दौरों में उनके घर पर ही रुका करते थे। पन्त जी के घर पर न्याय पंचायत खुर्पाताल के प्रधानों का आना जाना लगा रहता था। सभी ग्राम प्रधानों ने जन्तवाल से कहा तुम अच्छी राजनीतिक समझ रखते हो, देश विदेश की भी जानकारी भी अच्छी है। विधान सभा चुनाव की तैयारी करो और यहीं से 1989 के विधान सभा चुनाव की तैयारी शुरू हो गयी। ग्राम प्रधान रघुवर दत्त, गोधन सिंह, हीरा सिंह, चन्द्रदेव, गुलाब सिंह, शिवसिंह, राम सिंह, आन सिंह आदि ने जन्तवाल जी को समर्थन तो दिया लेकिन खुला साथ नहीं दिया, क्योंकि ये सभी तब कांग्रेसी पृष्ठभूमि के थे। सभी प्रधानों ने जनता तक यह संदेश दे दिया कि 1989 के चुनाव में योग्य व्यक्ति को चुनो, चुनाव में जनता से व्यापक समर्थन मिला लेकिन संगठनात्मक रूप से दल कमजोर था व आर्थिक संसाधन की भी कमी थी। लेकिन जनता ने अपनी ओर से यह चुनाव जन्तवाल के पक्ष में निर्णीत कर दिया । इस चुनाव में हार का कारण दो मतपत्रों का होना था, जिससे करीब 20 हजार से भी अधिक मत खराब हो गये। मैंने उनके पाँच चुनावों को काफी नजदीक से देखा, क्योंकि मैं सभी चुनावों में गणना टेबल पर मौजूद रहा। चुनावों में लगातार हार के बाद भी डाॅ. जन्तवाल ने कभी भी हताशा व निराशा व्यक्त नहीं की। वे जन आन्दोलनों में अपनी भूमिका का निर्वहन करते रहे। क्षेत्र के प्रमुख आन्दोलनों नशा नहीं रोजगार दो, वनों की नीलामी, जल जंगल जमीन के अधिकार, भूकानून, राजधानी, मूल निवास के साथ-साथ नैनीताल में विभिन्न संगठनों द्वारा आयोजित आन्दोलनों का हिस्सा रहे। अनेक बार मुकदमे झेले व जेल यात्राएँ की। वर्ष 2000 में 42 शहादतों के बाद उत्तराखण्ड राज्य अस्तित्व में आया और अन्तरिम विधान सभा गठन के बाद वर्ष 2002 में जो प्रथम चुनाव हुए, उनमें डाॅ. जन्तवाल जनता की ताकत से विधायक चुने गये। सीमित साधनों से यह चुनाव लड़ा गया, जो प्रकारान्तर में लोकतांत्रिक मूल्यों की जीत थी। विधायक बनने के बाद उन्होंने अपने कार्यकाल को पूर्णतः पारदर्शी रखा व ईमानदारी से विधायक निधि का वितरण किया, कोई बिचैलिया नहीं और कोई रिश्वत नहीं। आज भी लोग विधायक निधि के तहत उनके द्वारा कराये कार्यों की प्रशंसा करते हैं।वे अक्सर कहते थे कि एक सामान्य ग्रामीण पृष्ठभूमि के व्यक्ति को नैनीताल के लोगों ने भरपूर प्यार व समर्थन दिया मैं ऋणी हूँ। डाॅ. जन्तवाल का हृदय निर्मल व स्वच्छ था, कोई द्वेष नहीं कोई दुभावना नहीं। वे सार्वजनिक जीवन में साधनों की पवित्रता पर जोर देते थे। अपने नैतिक मूल्यों व आदर्शों पर वे अंतिम समय तक डटे रहे। डाॅ. जन्तवाल का सम्पूर्ण जीवन उत्तराखण्डी सरोकारों के प्रति समर्पित रहा व अंतिम समय तक पहले से ज्यादा ताकत के साथ लड़ते रहे और चिरपरिचित अंदाज में इस जग सबसे विदा हो गये।
















































