मौसम
बर्फ की सफेद चादर में लिपटे बाबा केदार… बदरीनाथ-गंगोत्री में भी बर्फबारी, मौसम ने बदली करवट, आज भारी बारिश के आसार
सीएन, देहरादून। उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बदलने से पहाड़ों से लेकर मैदानी क्षेत्रों तक ठंड बढ़ने लगी है। गुरुवार को केदारनाथ, बदरीनाथ और गंगोत्री धाम में बर्फबारी हुई, जबकि ऋषिकेश, पौड़ी, श्रीनगर और कोटद्वार समेत कई क्षेत्रों में बारिश दर्ज की गई। ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के बाद तापमान में गिरावट आने से ठंड का असर बढ़ गया है। मौसम विभाग ने आज शुक्रवार को भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम में सुबह से ही मौसम ने करवट लेनी शुरू कर दी थी। इसके बाद धाम और आसपास की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी हुई। पहाड़ियां बर्फ की सफेद चादर से ढक गई हैं। तीन दिन पहले भी यहां बर्फबारी हुई थी। दोबारा बर्फ गिरने से धाम में ठिठुरन बढ़ गई है। बाबा केदार के दर्शन के लिए पहुंच रहे श्रद्धालु बर्फबारी के बीच प्राकृतिक नजारों का आनंद ले रहे हैं, हालांकि गिरते तापमान के कारण उन्हें कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ रहा है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रशासन ने धाम में अलाव की व्यवस्था की है।मौसम में लगातार हो रहे बदलाव को देखते हुए प्रशासन ने केदारनाथ यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं से सावधानी बरतने की अपील की है। यात्रियों को गर्म कपड़े, जैकेट, टोपी, दस्ताने और जरूरी दवाइयां साथ रखने की सलाह दी है।














































