मौसम
नैनीताल सहित आठ जिलों. में हल्की से मध्यम बारिश व 4200 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले स्थानों पर बर्फबारी की संभावना
सीएन, देहरादून। अक्टूबर के महीने में भी देवभूमि उत्तराखंड में मौसम के मिजाज में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने आज (07 अक्टूबर 2026) प्रदेश के देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी, टिहरी, नैनीताल, अल्मोड़ा, चम्पावत और उधम सिंह नगर जिलों में आकाशीय बिजली चमकने के साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने के साथ बारिश होने संभावना जताई है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ.सीएस तोमर ने बताया कि प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और 4200 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले स्थानों पर बर्फबारी की पूरी संभावना बताई गई है। राज्य के मैदानी इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में पारा सामान्य या सामान्य से नीचे बना रहा। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ.सीएस तोमर ने बताया कि पहाड़ों पर हो रही इस बारिश और बर्फबारी के कारण तापमान में तेजी से गिरावट आएगी, जिससे राज्यभर में ठंड का असर एकाएक बढ़ जाएगा। विभाग ने 6 से 09 अक्टूबर के दौरान प्रदेश के कई जनपदों में मौसम को लेकर बाकायदा येलो अलर्ट जारी किया है। कुमाऊं मंडल के प्रमुख पर्वतीय जिलों नैनीताल, अल्मोड़ा और चम्पावत में भी मौसम विज्ञान विभाग ने आज खराब मौसम की चेतावनी जारी की है। इन जिलों के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और तेज हवाओं के चलने की चेतावनी दी गई है। नैनीताल के आसपास के पर्यटन स्थलों और निचले घाटी क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज हो सकती है। रुक-रुक कर हो रही इस बारिश से घाटी वाले इलाकों में ठंड बढ़ गई है, जिससे स्थानीय कर्मचारियों के साथ-साथ पर्यटकों को भी गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ रहा है। तराई जनपद उधम सिंह नगर में आज गरज के साथ बिजली चमकने और तेज हवाओं के चलने की संभावना बताई गई है। हालांकि 11 और 12 अक्टूबर तक हरिद्वार और उधम सिंह नगर में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। दूसरी तरफ उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जैसे उच्च हिमालयी जनपदों में 4200 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई पर स्थित चोटों पर ताजा बर्फबारी देखने को मिल सकती है। डॉ. तोमर के अनुसार 9 से 12 अक्टूबर के बीच करीब 3800 मीटर की ऊंचाई तक भी बर्फबारी का दायरा नीचे आ सकता है, जिससे पूरे उत्तराखंड में कड़ाके की ठंड पड़ेगी।













































