मौसम
नैनीताल सहित उत्तराखंड के पांच जिलों में तूफान व आकाशीय बिजली का येलो अलर्ट
सीएन, देहरादून/नैनीताल। मौसम विभाग ने 16 अक्टूबर को देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और चंपावत जनपदों में कहीं-कहीं गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने और झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना व्यक्त है। इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। पूर्वानुमान के अनुसार, इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी जाती है। आकाशीय बिजली चमकने के दौरान खुले स्थानों, ठिकानों और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचें। उत्तराखंड में 16 अक्टूबर को नैनीताल, अल्मोड़ा, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, चंपावत, ऊधमसिंह नगर और पिथौरागढ़ जिलों में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं, प्रदेश के अन्य जिलों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी और गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने की भी संभावना है। 17 अक्टूबर को बागेश्वर, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं हल्की बारिश या ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। 18 अक्टूबर को उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है। इन दोनों दिनों में प्रदेश के शेष जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, 19, 20 और 21 अक्टूबर को प्रदेश के सभी जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
















































