उत्तराखण्ड
पिता झब्बू लाल का दावा, सुरेंद्र कोली ने आत्महत्या नहीं की, उसकी हत्या की गई
सीएन, हरिद्वार। बहुचर्चित 2006 नोएडा के निठारी कांड के एक पीड़ित परिवार ने सुरेंद्र कोली की मौत पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। इस मामले में अपनी 15 वर्षीय बेटी को खोने वाले पिता झब्बू लाल (64) ने दावा किया है कि सुरेंद्र कोली ने आत्महत्या नहीं की, बल्कि उसकी हत्या की गई। हरिद्वार के सप्त सरोवर रोड पर एक किराए की चाय की दुकान पर सुरेंद्र कोली का शव फंदे से लटका हुआ मिला था। पुलिस इसे प्रथम दृष्टया आत्महत्या मानकर फॉरेंसिक जांच और पोस्टमार्टम की कार्रवाई कर रही है। हालांकि, पीड़ित पिता ने इस थ्योरी को खारिज करते हुए कई गंभीर सवाल उठाए हैं। झब्बू लाल का कहना है कि अगर कोली को जेल के अंदर आत्महत्या करनी होती तो समझा जा सकता था कि वह डिप्रेशन में था, लेकिन जेल से रिहा होने और कई महीने बाहर बिताने के बाद ऐसा कदम उठाना कई संदेह पैदा करता है।पीड़ित पिता ने आरोप लगाया कि सुरेंद्र शायद कोई बहुत महत्वपूर्ण जानकारी उजागर करने वाला था, इसीलिए उसकी हत्या कर दी गई है। झब्बू लाल ने एक बार फिर दावा किया कि कोली मुख्य अपराधी नहीं था, बल्कि उसके मालिक और व्यवसायी मोनिंदर सिंह पंधेर (जिसके घर कोली काम करता था) मुख्य आरोपी था, जिसे फांसी की सजा मिलनी चाहिए।















































