मौसम
5 अक्टूबर से उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में बादलों की आवाजाही के साथ हल्की बारिश व बिजली चमकने का नया सिलसिला शुरू होगा
सीएन, देहरादून। उत्तराखंड में करीब चार महीने तक आफत और उथल-पुथल मचाने के बाद मॉनसून ने अब औपचारिक रूप से विदाई ले ली है. मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून के निदेशक सीएस तोमर ने पूरे राज्य से मॉनसून की पूर्ण विदाई की आधिकारिक घोषणा कर दी. पिछले दो दिनों से हरिद्वार, उधम सिंह नगर और देहरादून के मैदानी इलाकों में तेज और चटख धूप खिल रही है, जबकि प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में पिछले 72 घंटों के दौरान ही मौसमी गतिविधियां काफी कमजोर पड़ गई थीं. बीते चौबीस घंटों में राज्य के छिटपुट इलाकों में ही बेहद हल्की बारिश और कहीं-कहीं बादलों की गड़गड़ाहट दर्ज की गई है. विज्ञान केंद्र के अनुसार प्रदेश से मॉनसून भले ही लौट गया हो, लेकिन आने वाले दिनों में पश्चिमी विक्षोभ और स्थानीय मौसमी बदलाव के चलते पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम फिर करवट लेगा. विभाग ने स्पष्ट किया है कि 4 अक्टूबर को पूरे राज्य में मौसम पूरी तरह शुष्क और साफ रहेगा. इसके बाद 5 अक्टूबर से उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ के ऊंचाई वाले इलाकों में बादलों की आवाजाही के साथ हल्की बारिश और बिजली चमकने का नया सिलसिला शुरू हो सकता है, जिससे तापमान में गिरावट आने की पूरी संभावना है.












































