उत्तराखण्ड
आज शनिवार से भीमताल में दो दिवसीय लेक कार्निवाल का आगाज
सीएन, भीमताल। आज शनिवार से भीमताल में दो दिवसीय लेक कार्निवाल का आगाज होगा। 14 और 15 नवंबर को आयोजित होने वाले इस कार्निवाल में उत्तराखंड की लोक संस्कृति के रंगों के साथ बॉलीवुड संगीत की धूम भी देखने को मिलेगी। आयोजन के दौरान लोक कलाकारों के साथ ही बैंड अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। लेक कार्निवाल आयोजन समिति के सचिव नितिन राणा ने बताया कि 14 नवंबर को शाम सात बजे डांठ में उत्तराखंड फोक नाइट आयोजित की जाएगी। इसमें प्रसिद्ध लोकगायिका स्वाति भट्ट और लोकगायक किशन महिपाल प्रस्तुति देंगे। इसके अलावा विहान सांस्कृतिक ग्रुप अल्मोड़ा की ओर से भी सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि 15 नवंबर को शाम सात बजे बॉलीवुड नाइट का आयोजन होगा। इसमें दिल्ली का प्रसिद्ध ‘द तत्व बैंड’ और रुद्रपुर का हुड़किया बैंड अपनी प्रस्तुतियां देंगे। कार्निवाल के दौरान डांठ पार्किंग और दीनदयाल पार्क पार्किंग बंद रहेंगी। वाहनों की पार्किंग के लिए एलपी इंटर कॉलेज और जिला पंचायत डाक बंगले में व्यवस्था की गई है। समिति ने क्षेत्रवासियों और पर्यटकों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्निवाल का आनंद लेने की अपील की है। इस दौरान समिति के सहसंयोजक पंकज जोशी, उपाध्यक्ष नीतेश बिष्ट, सांस्कृतिक सचिव पूरन जोशी, संयुक्त सचिव शरद पांडे, मोहित पडियार सहित अन्य पदाधिकारी और अधिकारी मौजूद रहे।















































